फ्लोर टेस्ट में पास हुए बिहार के सीएम सम्राट चौधरी, तेजस्वी यादव पर किया सबसे तीखा प्रहार
बिहार की सियासत में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास कर लिया है। ऐसा होने के बाद उन्होंने तेजस ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 24 Apr 2026 01:42:49 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Apr 2026 01:42:49 PM (IST)
फ्लोर टेस्ट में पास हुए बिहार के सीएम सम्राट चौधरीHighLights
- फ्लोर टेस्ट में बिहार के सीएम सम्राट चौधरी पास
- बिहार विधानसभा में हासिल किया विश्वास मत
- सम्राट को 9 दिन बाद फ्लोर टेस्ट में मिली जीत
डिजिटल डेस्क। बिहार की सियासत में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास कर लिया है। भारी बहुमत और ध्वनि मत के आधार पर सरकार ने सदन का विश्वास हासिल किया। एनडीए के पक्ष में 201 विधायकों का समर्थन होने के कारण बहुमत की राह आसान रही, जबकि विपक्षी दलों ने भी परिस्थितियों को देखते हुए कड़ा प्रतिरोध नहीं किया। नेता प्रतिपक्ष ने तंज भरे लहजे में ही सही, लेकिन सरकार के समर्थन की औपचारिकता निभाई।
15 अप्रैल को ली थी शपथ, 9 दिन बाद फ्लोर टेस्ट
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और ठीक नौ दिन बाद उन्होंने सदन में अपना बहुमत साबित कर दिया। विश्वासमत हासिल करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार समेत अन्य सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।
सम्राट चौधरी ने तेजस्वी और लालू परिवार पर किया हमला
विश्वासमत पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आक्रामक तेवर में नजर आए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के शासनकाल का जिक्र करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने भावनात्मक कार्ड खेलते हुए कहा कि यदि उन पर अतीत में अत्याचार नहीं हुआ होता, तो शायद वे आज इस मुकाम तक नहीं पहुंचते।
सबसे तीखा हमला उन्होंने पारिवारिक सम्मान को लेकर किया। तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए सम्राट ने कहा, "जो व्यक्ति अपने घर में अपनी बहन का सम्मान नहीं कर सकता, वह समाज की दूसरी महिलाओं का सम्मान क्या करेगा?" इस बयान ने सदन में गरमागरम बहस की स्थिति पैदा कर दी।
यह भी पढ़ें- बिहार में पहली बार बनी BJP सरकार, सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ; जदयू कोटे से 2 डिप्टी सीएम बने
सम्राट ने '3C' पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार नीतीश कुमार के विजन और सिद्धांतों पर आधारित 'विकसित बिहार' के सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार स्वयं चाहते थे कि वे मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालें।
सरकार की प्राथमिकताओं को गिनाते हुए सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार '3C' से कोई समझौता नहीं करेगी। यहां 3C का अर्थ क्राइम (Crime), कम्युनलिज्म (Communalism) और करप्शन (Corruption) से है।
उन्होंने सुशासन का दावा करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, किसानों का कल्याण और अपराध मुक्त समाज ही इस सरकार का मुख्य एजेंडा रहेगा। महिलाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने भविष्य की योजनाओं का खाका भी पेश किया।