तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में धमाके से अब तक 23 की मौत, 6 की हालत गंभीर
तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में 23 की मौत, कई घायल। मलबे में फंसे लोगों की आशंका, राहत कार्य जारी। लापरवाही कारण मानकर जांच शुरू ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 20 Apr 2026 07:28:07 AM (IST)Updated Date: Mon, 20 Apr 2026 07:28:07 AM (IST)
तमिलनाडु के विविरुधुनगर जिला में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट। (फोटो- एजेंसी)HighLights
- विरुधुनगर फैक्ट्री विस्फोट में 23 लोगों की दर्दनाक मौत हुई।
- छह से अधिक घायल, कई की हालत अभी भी गंभीर।
- मलबे में फंसे लोगों की आशंका, बचाव अभियान जारी है।
डिजिटल डेस्क, तमिलनाडु। तमिलनाडु के विविरुधुनगर जिला में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री के अंदर अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई और कई हिस्से पूरी तरह ध्वस्त हो गए। हादसे के वक्त फैक्ट्री में काम चल रहा था, जिससे बड़ी संख्या में मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। मलबे को हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जांच के आदेश
शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही या केमिकल के गलत इस्तेमाल को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों के पालन की भी पड़ताल की जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
शिवकाशी और विरुधुनगर क्षेत्र देश में पटाखा उद्योग के लिए मशहूर हैं, लेकिन यहां पहले भी कई बार इस तरह के घातक हादसे हो चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है।