-1782891237355_v_m.webp)
डिजिटल डेस्क। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल जहां लोग नई चीजें सीखने के लिए करते हैं, वहीं तेलंगाना के करीमनगर में एक शख्स ने इसका खौफनाक इस्तेमाल किया। आरोपी ने यूट्यूब पर बकायदा मर्डर करने और हथियार बनाने का तरीका सीखा और फिर अपनी गर्लफ्रेंड को परेशान करने वाले शख्स को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, करीमनगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाकर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। गिरफ्तार हत्यारोपी की पहचान 40 वर्षीय बंगारपू महेश के रूप में हुई है।
पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि मृतक 52 वर्षीय पायतरी मोगिली (खेतिहर मजदूर) का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड था। मोगिली को पिछले साल एक शादीशुदा महिला से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में जेल की हवा खानी पड़ी थी। जेल से छूटने के बाद भी उसकी हरकतें नहीं सुधरीं और उसने महिला को दोबारा प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं, मोगिली को उस महिला और आरोपी महेश के प्रेम प्रसंग की भनक लग गई थी। मोगिली ने इस बात को आसपास के कई गांवों में फैलाकर उन्हें जमकर बदनाम किया, जिससे दोनों के परिवारों में भारी तनाव चल रहा था। लगातार मिल रहे सामाजिक अपमान से गुस्साए महेश ने मोगिली को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खौफनाक प्लानिंग कर डाली।
हुजूराबाद की एसीपी माधवी ने बताया कि महेश ने वारदात से पहले यूट्यूब पर मर्डर करने के सुरक्षित तरीकों को कई बार सर्च किया। शनिवार की रात जब मोगिली मादीपल्ली गांव में चल रहे पीरीला उत्सव से अपनी साइकिल से घर लौट रहा था, तभी महेश एक सुनसान पुलिया के पास लोहे की रॉड लेकर घात लगाकर बैठ गया।
मोगिली जैसे ही पुलिया के पास पहुंचा, महेश ने पीछे से उसके सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ कई जानलेवा वार किए। जब मोगिली पूरी तरह लहूलुहान होकर तड़पते हुए शांत हो गया, तो महेश को उसकी मौत का यकीन हो गया। इसके बाद वह अपने घर लौटा, खून से सने कपड़े बदले और वहां से रफूचक्कर हो गया।
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष जांच टीमों का गठन किया। शक के आधार पर जब महेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, उसकी बाइक और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। सबसे बड़ा सबूत आरोपी का मोबाइल फोन बना, जिसकी यूट्यूब सर्च हिस्ट्री ने उसकी पूरी प्लानिंग की पोल खोलकर रख दी। पुलिस अब कोर्ट से कड़ी सजा दिलाने के साथ-साथ आरोपी का क्रिमिनल रिकॉर्ड (राउडी शीट) खोलने की तैयारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के 1.85 करोड़ लोगों को बिजली बिल में मिली राहत... जुलाई में कम आएगा बिल