
डिजिटल डेस्क, देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी में महज 300 रुपये की मजदूरी के विवाद ने एक प्लंबर ने दंपती समेत तीन को मौत के घाट उतार दिया। विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दिनदहाड़े यह वारदात हुई।
घर में प्लंबिंग का काम करने आए युवक ने आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी सेवानिवृत्त शिक्षिका पत्नी समेत पड़ोस में काम करने वाली घरेलू महिला सहायिका की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी। हत्याकांड को अंजाम देने से कुछ पहले आरोपित उनसे विवाद कर वहां से गया था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
कुछ देर बाद लौटा और बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने के बाद दंपती पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर से बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी को भी उसने मार डाला। चेन लूटकर भाग रहे आरोपित को पड़ोसियों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, घर के भीतर रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) और नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला (48) लहूलुहान हालत में मिले। स्थानीय लोगों ने उन्हें कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दो साल से काम करने आता था आरोपी
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, आरोपित राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। दंपती के दो बेटे हैं, जिनमें एक पुणे जबकि दूसरा दिल्ली रहता है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित करीब दो वर्ष से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने आता था।
300 रुपये को लेकर बढ़ा विवाद
मंगलवार को उसने करीब दो घंटे काम किया व पूरे दिन की 600 रुपये मजदूरी मांगने लगा, बुजुर्ग दंपती आधे दिन के काम के 300 रुपये देने को तैयार थे। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। वह कहासुनी के बाद वहां से चला गया लेकिन बाद में आकर उसने वारदात को अंजाम दिया।