Weather Update: दिल्ली में जमकर बरसेंगे मेघा, यूपी-बिहार में रहेगा घना कोहरा, जानें देशभर का वेदर अपडेट
उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर में धुंध और ठंडी हवाओं के बीच तापमान गिर रहा है। पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी है। अगले तीन दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और यूपी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
Publish Date: Tue, 04 Nov 2025 08:09:59 AM (IST)
Updated Date: Tue, 04 Nov 2025 08:09:59 AM (IST)
उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी। (फाइल फोटो)HighLights
- दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम ठंड और धुंध बढ़ी।
- यूपी में कोहरा और तापमान में गिरावट दर्ज।
- पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश की संभावना।
एजेंसी, नई दिल्ली। नवंबर की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में सुबह-शाम की ठंडी हवाएं अब लोगों को गर्म कपड़ों की याद दिलाने लगी हैं।
राजधानी में प्रदूषण और धुंध के चलते विजिबिलिटी घट रही है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना ने ठंड को बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए बारिश और तापमान में गिरावट का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में गिरने लगा तापमान
- दिल्ली में सुबह और शाम के समय अब ठंडक महसूस होने लगी है। हालांकि अभी सर्दी अपने शुरुआती दौर में है, लेकिन हवा में नमी और प्रदूषण के कारण धुंध छा रही है। इससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिससे यातायात पर भी असर पड़ रहा है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजधानी और आसपास के इलाकों में आज और कल हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम और ठंडा हो जाएगा। यूपी और NCR में कोहरा
- उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा दिखने लगा है। लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में तापमान में गिरावट के साथ दृश्यता में कमी दर्ज की जा रही है।
- मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो-तीन दिनों में उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। 4 नवंबर से यहां हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
- मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि बर्फबारी के कारण कुछ इलाकों में सड़कें बंद हो सकती हैं।
अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
- 4 नवंबर: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल में बारिश-बर्फबारी, उत्तराखंड में हल्की बारिश।
- 5 नवंबर: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी यूपी में बारिश।
- 6 नवंबर: पूर्वी राजस्थान और उत्तर मध्य प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना।