
डिजिटल डेस्क: भारतीय मौसम विभाग (IMD Rain Alert)के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करने जा रहा है। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम (Weather Update) में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। ठंडी हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड और हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 9 फरवरी की रात और 10 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि इसका प्रभाव सीमित रहेगा, लेकिन मौसम में अचानक बदलाव महसूस किया जा सकता है। अगले तीन दिनों तक राजधानी में तेज ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्षा के बाद उत्तर-पश्चिमी दिशा से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। इससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी और ठंड का असर बढ़ सकता है। विशेषकर रात और अलसुबह के समय सर्दी अधिक महसूस होगी। कुछ क्षेत्रों में हल्की धुंध छाने की भी संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
बृहस्पतिवार को जिले में कोहरे का कोई असर नहीं देखा गया। सुबह आसमान साफ रहा और धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। दिनभर मौसम सामान्य रहा, जिससे यातायात भी सुचारु बना रहा। हालांकि सर्द हवाओं के कारण शाम होते-होते ठिठुरन बढ़ गई।
⚠️ IMD Weather Warning ⚠️
Under the influence of two Western Disturbances, isolated to scattered rainfall/snowfall is likely over the Western Himalayan region on 5th–6th Feb and again during 9th–11th Feb.
Stay alert and plan accordingly. ❄️🌧️#IMDWeatherWarning… pic.twitter.com/E5skgMoDLB
— India Meteorological Department (@Indiametdept) February 5, 2026
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हल्की वर्षा से रबी फसलों को आंशिक लाभ मिलने की उम्मीद है, जबकि बढ़ती ठंड के कारण बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।