
डिजिटल डेस्क। मार्च के दूसरे सप्ताह में देश के कई हिस्सों में मौसम ने अजीब रुख दिखाया है। जहां एक ओर सुबह के समय कोहरा और धुंध छा रही है, वहीं दिन में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में वायुमंडलीय स्थिरता के कारण कोहरा और धुंध की स्थिति बनी रह सकती है। पश्चिमी और मध्य भारत के मध्य क्षोभ मंडल में बने प्रतिचक्रवात की वजह से हवा का प्रवाह कमजोर हो गया है।
इसी कारण सुबह के समय कोहरा और दिन में धुंध दिखाई दे रही है। इसके साथ ही निचले क्षोभमंडल में दक्षिणी झारखंड के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण और उससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैली द्रोणिका का भी मौसम पर असर पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कई राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। हालांकि 15 मार्च के बाद सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। यह बारिश इस सीजन की शुरुआती बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है।
मार्च की शुरुआत में ही देश के कई बड़े शहरों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी के कारण हीट इंडेक्स बढ़ने से लोगों को ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है।
वहीं मुंबई में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। संताक्रूज वेधशाला के अनुसार यह मार्च में दर्ज सबसे अधिक तापमानों में से एक है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में भी मार्च के दूसरे सप्ताह से गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है। दुर्ग और राजनांदगांव में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में पारा 38.6 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी रहा तो 20 मार्च तक प्रदेश के कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
देश के कई शहरों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया।
भोपाल - 36.1°C
इंदौर - 36.3°C
ग्वालियर - 39°C
रायपुर - 38.5°C
नई दिल्ली - 35.4°C
जयपुर - 35.3°C
बिलासपुर - 40.5°C
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि कोहरे और धुंध के दौरान सड़क पर यात्रा करते समय सावधानी बरतें। वहीं बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की भी सलाह दी गई है।