
डिजिटल डेस्क। देशभर में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। फरवरी की शुरुआत में जहां लोगों को ठंड से थोड़ी राहत महसूस हुई थी, वहीं अब फिर से सर्द हवाओं का असर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो 9 फरवरी से कई राज्यों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ राज्यों में कोहरे और शीतलहर का असर भी बना रहेगा।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आज बेहद घना कोहरा छा सकता है। उत्तराखंड में शीतलहर चलने की भी आशंका है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी देखने को मिल सकती है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ठंड का असर फिलहाल बना रहेगा।
भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 9 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, अगले सात दिनों के दौरान देश के अन्य हिस्सों में किसी बड़ी मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है।
9 से 11 फरवरी का मौसम अपडेट
IMD के अनुसार, 11 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 9 से 11 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 10 फरवरी को कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत का तापमान
आने वाले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट और फिर अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
मध्य भारत का तापमान
मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रह सकता है। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि उसके बाद दो दिनों तक किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है।
पूर्वी भारत और महाराष्ट्र का हाल
पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद 2–3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रह सकता है, फिर दो दिनों में हल्की गिरावट और उसके बाद फिर से धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं। देश के अन्य हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम, IMD ने बारिश और ओलावृष्टि का दिया अलर्ट, फसलों पर मंडराया संकट