
डिजिटल डेस्क। देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में अचानक बढ़ोतरी से ठंड का असर काफी कम हो गया है। अब केवल सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने 18 फरवरी तक सात राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने(Weather Alert) को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी ला सकता है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी भागों में भी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
देशभर के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 19 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
16 और 17 फरवरी को निकोबार द्वीप समूह में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 18 से 19 फरवरी के दौरान मध्य प्रदेश में भी गरज-चमक के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पश्चिमी यूपी के जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है।
उत्तराखंड का मौसम
आईएमडी के अनुसार 17 और 18 फरवरी को उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश हो सकती है। चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर में वर्षा की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 17 और 18 फरवरी को बारिश हो सकती है। शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में हल्की वर्षा के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर में मौसम
आईएमडी के अनुसार 16 और 17 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में वर्षा की संभावना जताई गई है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन 17 और 18 फरवरी को उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में वर्षा के आसार हैं।
मध्य प्रदेश का मौसम
मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि 16 और 17 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा।
बिहार का हाल
बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है और मौसम सामान्य बना रहेगा। हालांकि मिथिलांचल और सीमांचल के कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा और हल्की ठंड का असर देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज, 11 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट