घर आपका, सामान आपका, पर सुरक्षा किसकी... राख हुए सपनों का कौन देगा हिसाब; बिल्डर, RWA या आप?
जब मिनटों में घर का कीमती सामान और यादें राख बन जाती हैं, तब सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है नुकसान की भरपाई कौन करेगा? ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 02 May 2026 05:43:22 PM (IST)Updated Date: Sat, 02 May 2026 05:43:22 PM (IST)
हाई-राइज बिल्डिंग में आग लगने पर ऐसे तय होती है जिम्मेदारी।HighLights
- फ्लैट जलकर खाक, तो मुआवजे के लिए कहां करें शिकायत
- कंज्यूमर फोरम से लेकर रेरा तक, ये हैं आपके पास विकल्प
- हाई-राइज बिल्डिंग में आग लगने पर ऐसे तय होती है जिम्मेदारी
डिजिटल डेस्क। गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में लगी भीषण आग ने एक बार फिर उन लाखों फ्लैट मालिकों की नींद उड़ा दी है, जो अपनी जीवनभर की कमाई कंक्रीट के इन ऊंचे टावरों में निवेश करते हैं। जब मिनटों में घर का कीमती सामान और यादें राख बन जाती हैं, तब सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है नुकसान की भरपाई कौन करेगा?
क्या यह जिम्मेदारी बिल्डर की है, मेंटेनेंस वसूलने वाली RWA की या फिर बीमा कंपनी की? आइए, इस कानूनी और तकनीकी उलझन को आसान भाषा में समझते हैं।
1. कब फंसता है प्रमोटर?
रेरा (RERA) एक्ट 2017 की धारा 16 के अनुसार, किसी भी प्रोजेक्ट का पजेशन देने से पहले उसका बीमा कराना और सभी सुरक्षा मानक (Fire NOC, Occupancy Certificate) पूरे करना बिल्डर की कानूनी जिम्मेदारी है।
- निर्माण दोष: यदि आग लगने का कारण घटिया वायरिंग या खराब निर्माण सामग्री है, तो बिल्डर जिम्मेदार होगा।
- दस्तावेजों का हस्तांतरण: यदि बिल्डर ने मेंटेनेंस तो RWA को सौंप दिया, लेकिन बीमा के दस्तावेज ट्रांसफर नहीं किए, तो वह कानूनी रूप से उत्तरदायी बना रहता है। बेंगलुरु रेरा (29 नवंबर 2025) का हालिया फैसला इसका प्रमाण है, जहां इंश्योरेंस पेपर न देने पर बिल्डर को मरम्मत का खर्च उठाने का आदेश दिया गया।
2. RWA की भूमिका
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) केवल बिल वसूली के लिए नहीं है। एक बार प्रबंधन हाथ में आने के बाद, फायर सेफ्टी उपकरणों का नियमित मेंटेनेंस उसकी प्राथमिकता होती है।
यदि जांच में पाया गया कि फायर हाइड्रेंट खाली थे या स्प्रिंकलर सिस्टम खराब था, तो निवासियों के प्रति RWA की जवाबदेही तय की जा सकती है।
3. क्या आपका सामान सुरक्षित है?
अधिकांश फ्लैट मालिकों को लगता है कि सोसाइटी का बीमा उनके घर के सामान को कवर करता है। यह एक खतरनाक गलतफहमी है।
- बिल्डिंग इंश्योरेंस: RWA या बिल्डर द्वारा लिया गया बीमा केवल 'स्ट्रक्चर' (ढांचे) और कॉमन एरिया (लिफ्ट, सीढ़ियां) के लिए होता है।
- होम इंश्योरेंस: आपके फ्लैट के अंदर मौजूद टीवी, फ्रिज, गहने, फर्नीचर और महंगा इंटीरियर केवल तभी कवर होगा, यदि आपने व्यक्तिगत रूप से 'होम कंटेंट इंश्योरेंस' लिया है। इसके बिना, घर के अंदर का नुकसान पूरी तरह आपकी जेब पर पड़ेगा।
4. जब आग एक घर से दूसरे तक फैले
हाई-राइज में आग अक्सर एक फ्लैट से शुरू होकर पूरी मंजिल को चपेट में ले लेती है।
यदि आग आपके फ्लैट में रखे किसी उपकरण (जैसे शॉर्ट सर्किट या गैस चूल्हा) से लगी और दूसरों के घर जल गए, तो प्रभावित पड़ोसी आप पर मुआवजे का दावा कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में बीमा कंपनियां भी क्लेम देने में आनाकानी करती हैं।
यह भी पढ़ें- Labour Day 2026: पसीने की कीमत और हक की लड़ाई, जानिए नए लेबर कोड से कितनी बदली आपकी दुनिया
5. आपके पास कानूनी विकल्प क्या हैं?
नुकसान होने पर पीड़ित के पास तीन मुख्य रास्ते होते हैं:
- पुलिस शिकायत: यदि मामला आपराधिक लापरवाही का है।
- कंज्यूमर फोरम: चूंकि आप मेंटेनेंस शुल्क देते हैं, अतः सेवा में कमी (Deficiency in Service) के लिए आप RWA या बिल्डर को फोरम में घसीट सकते हैं।
- रेरा (RERA): यदि बिल्डर ने धारा 16 के तहत बीमा और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया है।