-1794465378241_v_m.webp)
डिजिटल डेस्क। देश की आर्थिक राजधानी की जीवनरेखा मानी जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेन में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। बोरीवली से विरार की ओर जा रही लोकल ट्रेन में सफर कर रही एक युवती के साथ सह-यात्री ने अश्लील हरकत की। जब युवती ने इस छेड़छाड़ का कड़ा विरोध किया, तो आरोपित ने नायगांव स्टेशन पर उसे चलती ट्रेन से नीचे पटरियों की तरफ धकेल दिया।
इस दर्दनाक हादसे में युवती का बायां हाथ ट्रेन के पहियों की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गया, जिसे जान बचाने के लिए चिकित्सकों को कोहनी के पास से काटना पड़ा। इसके अलावा उसके सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं और 16 टांके लगाने पड़े हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस को दिए गए पीड़िता के बयान के मुताबिक, युवती बोरीवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान पास खड़ा एक पुरुष सह-यात्री उसे जानबूझकर और लगातार गलत तरीके से छू रहा था। आरोपित की इस अभद्र हरकत से आक्रोशित होकर युवती ने अपना विरोध दर्ज कराया और आत्मसम्मान की रक्षा में उस पर अपनी चप्पल फेंकी।
इसके बाद डिब्बे के भीतर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आसपास मौजूद यात्रियों ने मामले को शांत कराने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपित ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपनी चप्पल युवती की ओर उछाल दी।
ट्रेन जब नायगांव रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तब भी दोनों के बीच विवाद थमा नहीं था। आरोप है कि इसी दौरान गुस्साए आरोपित ने युवती को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह संतुलन खो बैठी और प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के दो डिब्बों के बीच की खाली जगह में जा गिरी। युवती किसी तरह संभलकर वापस प्लेटफॉर्म पर चढ़ने का प्रयास कर ही रही थी कि तभी ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। इस चपेट में आकर उसका बायां हाथ सीधे ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया।
हादसे के तुरंत बाद स्टेशन पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर तैनात एक पुलिसकर्मी और सह-यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से लहूलुहान युवती को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां सर्जरी कर उसका बायां हाथ कोहनी के पास से काटना पड़ा। घटना के बाद स्टेशन पर मची अफरा-तफरी का लाभ उठाकर आरोपित मौके से फरार हो गया था। हालांकि, रेलवे पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपित को धर दबोचा। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- देश में स्वच्छता का नया 'सम्राट' बना नवी मुंबई, पाया नंबर-1 स्थान, इंदौर का 8 साल का राज खत्म