

धर्म डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के श्रमिक क्षेत्र स्थित बजरंग नगर में नेपाल के काठमांडू और उत्तराखंड के केदारनाथ की तर्ज पर बना 'पशुपतिनाथ मंदिर' स्थित है। शिव भक्तों के बीच यहां विराजित भगवान पशुपतिनाथ का अनूठा स्वरूप देखने को मिलता है। श्रावण मास में भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए यहां रोजाना सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भारी कतारें लगी रहती हैं। पूरे सावन माह में यहां विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रहती है।
महादेव की आराधना का यह पावन स्थल काफी पुराना है, जिसका भव्य जीर्णोद्धार करीब 20 साल पहले किया गया था। मंदिर में भगवान शिव का दुर्लभ सफेद रंग का पंचमुखी शिवलिंग विराजित है। पशुपतिनाथ महादेव के अलावा इस विशाल मंदिर परिसर में राधा-कृष्ण, राम दरबार, पवनपुत्र हनुमान और माता अंबे के दिव्य मंदिर भी स्थापित हैं।
इस बारे में बात करते हुए पुजारी सत्येंद्र शास्त्री ने बताया- मंदिर में विराजित शिवलिंग पंचमुखी है और भगवान के इस दिव्य स्वरूप के बारे में हमारे धर्मग्रंथों में भी कई कथाएं-महिमा बताई गई हैं। सफेद शिवलिंग की पूजा का विशेष फल मिलता है और श्रावण मास महादेव की साधना का सबसे उत्तम अवसर है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में देवशयनी एकादशी पर उमड़ी आस्था: भगवान चक्रधर का मनमोहक श्रृंगार, शयन आरती के साथ चातुर्मास की शुरुआत