
ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था की गई है। अब भक्त मंदिर में दिए गए दान को टीवी स्क्रीन पर देख सकेंगे। इसके लिए मंदिर न्यास कार्यालय के बाहर स्क्रीन लगाई गई है। मंदिर की दान पेटियां 26 नवंबर को सुबह 10 बजे खोली जाएंगी।
करीब दो माह बाद दान पेटियों को खोला जा रहा है। दान राशि की गिनती पूर्व बैंक अधिकारी करेंगे और पूरी रकम बैंक खाते में जमा कराई जाएगी। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के अध्यक्ष राजेश ऐरन ने बताया कि मंदिर न्यास के चुनाव, शरद पूर्णिमा और महाअन्नकूट के आयोजन के कारण दान पेटियां नहीं खोली जा सकी थीं।
अब गुरुवार से यह प्रक्रिया शुरू की जाएगी। राशि की गिनती के दौरान न्यास के कोषाध्यक्ष कृष्ण बिहारी गोयल भी मौजूद रहेंगे। यदि एक दिन में गिनती पूरी नहीं हो पाती है, तो अगले दिन सुबह 10 बजे से प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी।
श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान की राशि को सार्वजनिक रूप से देखने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यालय के बाहर टीवी स्क्रीन लगाई गई है। न्यास की ओर से दान की पूरी रकम बैंक में जमा कराई जाएगी। इस व्यवस्था से दान की गिनती की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया गया है।
दान पेटियां खोलने की तैयारी और मंदिर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के संबंध में बुधवार को न्यास कार्यालय में कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें सचिव राजकुमार माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष कृष्ण बिहारी गोयल, मार्गदर्शक व्यवस्थापक रामकुमार गोयल, व्यवस्थापक सचिव प्रदीप कुमार बंसल, सूचना सचिव निशांत सिंघल सहित कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार अग्रवाल, तरुण बग्गा, गौरव नागवाणी, आकाश सिंह, गोपाल दास बघेले और अतुल गुप्ता मौजूद रहे। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए सदस्यों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं।