• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • धर्म
  • व्रत-त्योहार

एमपी में सदियों पुरानी है महालक्ष्मी की आराधना, सिक्कों और पाषाण शिल्पों में मां के दिव्य स्वरूप

यहां पांचवीं से लेकर 13वीं शताब्दी के बीच की मां लक्ष्मी की दुर्लभ लाल-सफेद बलुआ पत्थर की प्रतिमाएं, तांत्रिक स्वरूप और सोने के सिक्के स्थायी रूप से प्रदर्शित हैं।

By Sushil PandeyEdited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Wed, 11 Nov 2026 05:15:42 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Nov 2026 05:19:38 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
एमपी में सदियों पुरानी है महालक्ष्मी की आराधना, सिक्कों और पाषाण शिल्पों में मां के दिव्य स्वरूप
भोपाल राज्‍य संग्रहालय महालक्ष्‍मी प्रतिमाएं।

HighLights

  1. सिक्कों और पाषाण शिल्पों में मां के दिव्य स्वरूप स्‍टेट म्‍यूजियम में देखने को मिलेंगे।
  2. राज्य संग्रहालय में संरक्षित हैं पांचवीं से 13वीं सदी की दुर्लभ प्रतिमाएं, सोने के सिक्के।
  3. चंदेल,कलचुरी और परमार कालीन स्वर्ण मुद्राएं तथा दुर्लभ पाषाण शिल्प प्रदर्शित हैं।

धर्म डेस्‍क। मध्य प्रदेश में महालक्ष्मी की उपासना की परंपरा सदियों पुरानी है। इसके ऐतिहासिक और पुरातात्विक प्रमाण श्यामला हिल्स स्थित राज्य संग्रहालय की दीर्घाओं में मौजूद हैं। यहां पांचवीं से लेकर 13वीं शताब्दी के बीच की मां लक्ष्मी की दुर्लभ लाल-सफेद बलुआ पत्थर की प्रतिमाएं, तांत्रिक स्वरूप और सोने के सिक्के स्थायी रूप से प्रदर्शित हैं। पुरातत्वविद् बीके लोखंडे के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से मिले ये ऐतिहासिक अवशेष मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं।

संग्रहालय में प्रदर्शित मां लक्ष्मी के छह प्रमुख दुर्लभ ऐतिहासिक स्वरूप

चंदेल और कलचुरी कालीन 10 स्वर्ण सिक्के (900 से 1200 ईस्वी)

मध्य भारत के विस्तृत भूभाग पर शासन करने वाले चंदेल और कलचुरी शासकों द्वारा जारी किए गए दस सोने के सिक्के यहां प्रदर्शित हैं। इन सिक्कों के अग्रभाग पर राजाओं के नाम देवनागरी लिपि में अंकित हैं, जबकि पृष्ठभाग पर द्विभुजा (दो भुजाओं वाली) मां लक्ष्मी प्रभा-मंडल (हेलो)के साथ पद्मासन में विराजित हैं। प्रतिमा के चारों ओर 13 से 15 बिंदु बने हैं। इन सिक्कों का वजन 61 से 63 ग्रेन (लगभग चार ग्राम) है।


परमार शासक नरवर्मन के 16 स्वर्ण सिक्के (13वीं सदी)

मालवा के परमार राजवंश के शासक राजा नरवर्मन द्वारा जारी किए गए 16 सोने के सिक्के अत्यंत दुर्लभ हैं। इनके अग्रभाग पर राजा नरवर्मन का नाम और पृष्ठभाग पर हार पहने हुए मां लक्ष्मी का सुंदर अंकन है। उदर भाग के समीप बने दो बिंदु इनकी कलात्मकता को बढ़ाते हैं। प्रत्येक सिक्के का वजन 80 ग्रेन (लगभग 5.3 ग्राम) है।

जबलपुर से प्राप्त गजलक्ष्मी की बलुआ पत्थर प्रतिमा (11वीं सदी)

जबलपुर में उत्खनन के दौरान मिली गहरे लाल बलुआ पत्थर की यह प्रतिमा किसी प्राचीन मंदिर के स्तंभ का हिस्सा मानी जाती है। इसमें चार भुजाओं वाली गजलक्ष्मी ऊपरी दोनों हाथों में कमल धारण किए हुए हैं। निचले दायें हाथ में रुद्राक्ष माला और बायें हाथ में कलश है। समृद्धि के प्रतीक के रूप में दो हाथी उन पर जल छिड़कते (अभिषेक करते) नजर आते हैं। प्रतिमा के शीर्ष पर सिंह का अंकन है।

ग्वालियर का तांत्रिक स्वरूप ‘कमला’ (पांचवीं सदी)

संग्रहालय की सबसे प्राचीन पुरातात्विक धरोहरों में शामिल यह प्रतिमा मां लक्ष्मी के तांत्रिक स्वरूप ‘कमला’ को दर्शाती है। उत्तर-गुप्त कालीन शैली की इस प्रतिमा में देवी चार भुजाओं वाली हैं और कुंडल, हार, बाजूबंद, कमरबंद तथा पायल से सुसज्जित एक पाषाण पीठ पर खड़ी हैं। उनके साथ दो परिचारिकाएं भी उकेरी गई हैं।

टीकमगढ़ से प्राप्त ‘लक्ष्मीनारायण’ की युगल प्रतिमा (दसवीं सदी)

लाल बलुआ पत्थर से निर्मित इस प्रतिमा में देवी लक्ष्मी गरुड़ पर सवार भगवान विष्णु (नारायण) की बायीं जंघा पर विराजित हैं। देवी का एक हाथ नारायण के कंधे पर और दूसरा कमल लिए हुए है। उनका दायां पैर गरुड़ पर टिका है और वह नारायण की ओर निहार रही हैं। यह प्रतिमा उस काल के मूर्तिकारों के अप्रतिम शिल्पकौशल को दर्शाती है।

मंदसौर की श्वेत बलुआ पत्थर में उकेरी गई ‘भूदेवी’ (11वीं सदी)

भगवान विष्णु के वराह अवतार की संगिनी और मां लक्ष्मी का ही स्वरूप मानी जाने वाली ‘भूदेवी’ की यह प्रतिमा सफेद बलुआ पत्थर से गढ़ी गई है। समुद्र मंथन और नागलोक के संदर्भ को दर्शाती इस कलाकृति में देवी को कछुए की पीठ पर आसीन दिखाया गया है, जिनके दोनों ओर दो-दो सर्प विद्यमान हैं।

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।