
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में रामपुर स्थित पांडुताल मैदान में आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर इन दिनों नगर के नवोदित क्रिकेट का आकर्षण का केंद्र बन गया है।
केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव फिरोज कुमार मेश्राम ने मैदान में पहुंच कर क्रिकेट शिविर के प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाया। पदाधिकारियों ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि शिविर में नगर के नवोदित क्रिकेट खिलाड़ी उत्साह से भाग ले रहे हैं और अनुशासन व समर्पण भावना के साथ मेहनत कर रहे हैं।
क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में 8 से 16 वर्ष तक आयु के 130 नवोदित खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिसमें बारह लड़कियां भी हैं। इन खिलाड़ियों को दो आयु वर्ग में विभक्त कर गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आठ से 12 वर्ष आयु तक के प्रशिक्षणार्थियों को पूर्व स्टेट लेबल अंपायर हेमंत पोतदार, पीके सेन व अमित यादव और 12 से 16 वर्ष तक आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अनिल शर्मा, कुशलपाल सिंह, इकबाल खान, तरूण विजयकर व विनोद राजपूत प्रशिक्षण दे रहे हैं।
पाण्डुताल मैदान में प्रशिक्षण के लिए चार सीमेंट विकेट में नेट्स लगायी गई हैं। शिविर में प्रतिदिन शारीरिक प्रशिक्षण के अलावा बल्लेबाजी में ग्रिप, स्टांस, बैक लिफ्ट, डिफेंस व ड्राइव की बारीकियां समझायी जा रही हैं। गेंदबाजी में प्रशिक्षणार्थियों को एक्शन, रन-अप, स्विंग व स्पिन गेंदबाजी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
क्षेत्ररक्षण में प्रशिक्षणार्थियों को कैचिंग व ग्रांउड फील्डिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के दौरान नवोदित खिलाड़ियों को क्रिकेट के नियमों की जानकारी समय-समय पर दी जा रही है। प्रशिक्षण शिविर का संचालन 31 मई तक होगा।
यह भी पढ़ें- न कभी स्टेडियम देखा, न ट्रैक पर उतरा, 8 दिन के अभ्यास में लगाई स्वर्णिम छलांग