

खेल डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच डार्विन में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन कंगारू टीम 198 रनों पर ढेर हो गई। हसन महमूद ने बांग्लादेश के लिए शानदार प्रदर्शन किया और पंजा खोलते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही वह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर पांच विकेट लेने वाले पहले बांग्लादेशी गेंदबाज बने।
तेज गेंदबाद तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन के खाते में दो-दो विकेट आए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शानदार 71 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा किसी भी कंगारू बल्लेबाज ने लंबी पारी नहीं खेली।
ऑस्ट्रेलिया पारी के दौरान बांग्लादेशी गेंदबाज तस्कीन का एक अजीब जश्न देखने को मिला। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी कैमरन ग्रीन को आउट किया और जश्न को इस तरह से सेलिब्रेट किया कि वह देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्रीन डार्विन की पिच पर लय में दिखाई दे रहे थे लेकिन 13 गेंदों पर 13 रनों की पारी ही खेल सके।
मैच के पहले सत्र में तस्कीन की गेंद को लेग साइड पर फ्लिक करने के चक्कर में मिड-विकेट पर अनुभवी खिलाड़ी मुशफिकुर रहीम को कैच थमा बैठे। ग्रीन का विकेट लेने के बाद गेंदबाज तस्कीन ने जीभ निकालकर डांस किया और बाद में साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाया। इस जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Taskin Ahmed with one of the all-time celebrations after nabbing Cam Green 😂 #PlayoftheDay | @nrmainsurance | #AUSvBAN pic.twitter.com/VF8dHRGJNB
— cricket.com.au (@cricketcomau) August 13, 2026
मैच में कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। हालांकि, टीम बिना विकेट गंवाए 45 रनों तक पहुंचने में कामयाब हुई लेकिन इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। गेंदबाज हसन महमूद ने छठे और सातवें ओवर में विकेट निकाले। डार्विन में जन्मे ओपनर बल्लेबाज जेक वेदरल्ड को शुरुआत अच्छी मिली लेकिन घरेलू दर्शकों के सामने वह इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 23 रन बनाकर चलते बने।
इसके अलावा दूसरे ओपनर ट्रेविस हेड 22 रन बनाकर महमूद के अगले ओवर में शिकार बने। तीसरे नंबर पर पारी संभालने के लिए आए मार्नस लाबुशेन महज एक रन बनाकर चलते बने। चौथे नंबर पर पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शानदार खेल दिखाया और 71 रनों की पारी खेलकर कंगारू टीम को संभालने की कोशिश की। स्मिथ की पारी की समाप्ति भी हसन महमूद ने लिटन दास के हाथों कैच कराकर की। बाद में ऑस्ट्रेलिया की पारी को समेटने में ज्यादा समय नहीं लगा और 198 रन ही बना सकी।