

खेल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के प्रदर्शन में पिछली कई सीरीज से काफी गिरावट देखने को मिली है, जिसको लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई बदलाव के मूड में दिखाई दे रहा है। पूर्व महान बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि वह मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा यह भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह टेस्ट टीम के हेड कोच पद संभाल सकते हैं, लेकिन यह दिग्गज खिलाड़ी इन दोनों पदों पर नियुक्त नहीं होगा बल्कि इससे भी बड़ी जिम्मेदारी बीसीसीआई उन्हें देने जा रहा है।
'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्मण को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेटर के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इससे पहले यह पद पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री के पास था और वह बाद में टीम इंडिया के मुख्य कोच बने थे। अब लक्ष्मण को यह जिम्मेदारी मिलने वाली है। यहां गौर करने वाली बात है कि जिंबाब्वे के खिलाफ खेली गई पिछली टी-20 सीरीज में लक्ष्मण ने बतौर कोच काम किया था और इस सीरीज में टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए दमदार खेल दिखाया था।
माना जा रहा है कि अगले महीने बीसीसीआई बदलाव करने के मूड में हैं क्योंकि सितंबर महीने में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। बीसीसीआई इस समय टीम इंडिया के प्रदर्शन से खुश भी नहीं है और टीम का कोचिंग स्टाफ नजरों में है। पिछली सीरीज के प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई मैनेजमेंट पर काम करना चाहती है, जिसको लेकर लक्ष्मण पहले से ही केद्र में हैं। इसका एक पहलू यह भी है क्योंकि वीवीएस बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख है।
वह देश की युवा पीढ़ी को अच्छे से जानते हैं और क्रिकेट की भावी पीढ़ी को तैयार कर सकते हैं। जरूरत के समय वह टीम के साथ बतौर कोच भी काम कर सकते हैं। जिंबाब्वे के साथ हुई पिछली सीरीज में उन्होंने इस भूमिका को निभाया था। ऐसे में वीवीएस लक्ष्मण को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की जिम्मेदारी दी जा सकती है।