विश्वकप से पहले उज्जैन में भगवान महाकाल से जीत का आशीर्वाद लेने पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम
शनिवार सुबह उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में भगवान महाकाल की भस्मआरती का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और विश्व कप में जीत के लिए भगवान से प्रा ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 16 May 2026 08:34:19 AM (IST)Updated Date: Sat, 16 May 2026 08:34:19 AM (IST)
भगवान महाकाल की भस्मारती के दर्शन करने पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम। (वीडियो ग्रैब)HighLights
- विश्व विजय अभियान पर निकलने से पहले भगवान महाकाल से लिया आशीर्वाद
- विश्व कप में जीत पाने के लिए भगवान से प्रार्थना की
- पिछली बार भी टीम महाकाल के दर्शन करने आई थी और फिर विश्व कप भी जीता था
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम आगामी विश्व विजय अभियान पर निकलने से पहले उज्जैन में भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचीं।
भारतीय टीम की खिलाड़ी शुक्रवार शाम को दो अलग-अलग फ्लाइट से इंदौर पहुंचीं। शनिवार सुबह उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में भगवान महाकाल की भस्मआरती का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और विश्व कप में जीत के लिए भगवान से प्रार्थना की। दर्शन-पूजन करने के बाद टीम वापस इंदौर लौटेगी।
मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) की सहसचिव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अरुंधति किरकिरे ने बताया कि भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी शुक्रवार शाम इंदौर पहुंचीं। इनमें अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, क्रांति गौड़, भारती फूलमाली, शैफाली वर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर आदि शामिल हैं। कुछ अन्य खिलाड़ी देर रात इंदौर पहुंचीं।
मंदिर समिति की ओर से स्वागत, सम्मान किया गया
सभी खिलाड़ी शनिवार अलसुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करने के लिए उज्जैन पहुंचीं और यहां दर्शन-पूजन कर जीत के लिए मंगल कामना की। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्यों का भगवान महाकाल मंदिर समिति की ओर से स्वागत, सम्मान किया गया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी सदस्यों ने नंदी मंडपम् में बैठकर भगवान महाकाल का दर्शन-पूजन किया और भस्मारती के दर्शन भी किए। दर्शन-पूजन के बाद खिलाड़ियों ने बताया कि वे अक्सर महाकाल के दरबार में पहुंचती हैं और यहां उनका आशीर्वाद लेती हैं। भगवान महाकाल के दर्शन से एक अलग ही ऊर्जा का संचार होता है और आत्मविश्वास भी जागता है। यह हमारे लिए मैचों के दौरान बड़ा काम आएगा। सभी खिलाड़ी शनिवार को ही वापस लौट जाएंगी।
12 जून से शुरू हो रहा है आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप
उल्लेखनीय है कि आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 12 जून से इंग्लैंड में प्रारंभ होगा। इसके लिए भारतीय महिला टीम बेंगलुरु में तैयारी कर रही थी। सूत्रों के अनुसार पिछली बार भी विश्व कप से पहले भारतीय टीम भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंची थीं और फिर विश्व कप भी जीता था। इस बार भी टीम अपने अभियान की शुरुआत भगवान महाकाल के आशीर्वाद से करना चाहती हैं।