
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलने वाले बंगाल के युवा क्रिकेटर अभिषेक पोरेल कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और प्रताड़ित करने के संगीन आरोपों के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई दम दम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इमामी सिटी से की गई है।
हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) कुंवर भूषण सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस साल जून के महीने में एक छात्रा ने क्रिकेटर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का झूठा वादा करके उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके साथ ही, विवाद होने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पुलिस को क्रिकेटर को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
पीड़िता के अनुसार, वे दोनों पिछले तीन सालों से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। लेकिन पिछले साल से उनके रिश्तों में खटास आने लगी, जिसके बाद पोरेल ने उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी के वादे से साफ मुकर गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
23 वर्षीय अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट और आईपीएल का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके अलावा, वे इंडिया-ए टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं और ऑस्ट्रेलिया तथा इंग्लैंड के दौरों पर भारतीय-ए टीम के साथ जा चुके हैं। साल 2021-22 में बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी (First-Class) क्रिकेट में पदार्पण करने वाले पोरेल अब तक 32 प्रथम श्रेणी और 23 लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं।
यह भी पढ़ें- IND vs SL: सरफराज खान की प्लेइंग-11 में वापसी के लिए शुभमन गिल लेंगे रिस्क! खतरे में इस दिग्गज की जगह