IND vs ENG U19 WC Final: भारतीय टीम ने लगाया वर्ल्ड कप जीत का 'छक्का', फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से रौंदा
ICC Under-19 World Cup Final: भारतीय अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को फाइनल में 100 रन से हराकर अपना छठा खिताब जीत लिया है। 412 रन का पीछा करते हुए इंग्लैंड ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 06 Feb 2026 08:32:32 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Feb 2026 08:49:45 PM (IST)
IND U19 vs ENG U19: टीम इंडिया ने जीता छठा खिताबHighLights
- भारत छठी बार बना अंडर-19 विश्व कप का विजेता
- टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराया
- फाइनल में वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ा इंग्लैंड
डिजिटल डेस्क। भारतीय युवा टीम ने एक बार फिर क्रिकेट जगत में अपनी बादशाहत कायम की है। शुक्रवार को खेले गए अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से शिकस्त देकर छठी बार खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के नायक रहे वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपनी आतिशी पारी से रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
वैभव का रिकॉर्डतोड़ प्रहार
भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का साहसी फैसला किया। हालांकि सलामी बल्लेबाज एरोन जॉर्ज जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद मैदान पर वैभव सूर्यवंशी का तूफान आया। वैभव ने महज 80 गेंदों पर 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उन्होंने केवल 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और वैभव के साथ दूसरे विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी की। आखिर में कनिष्क चौहान की 20 गेंदों पर 37 रनों की कैमियो पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित ओवरों में 411/8 का विशाल स्कोर बनाया, जो इस टूर्नामेंट का सर्वोच्च स्कोर है।
इंग्लैंड की संघर्षपूर्ण हार
412 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में 311 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से कैलेब फाल्कनर ने जुझारू बल्लेबाजी करते हुए महज 67 गेंदों पर 115 रन ठोके, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। एक समय इंग्लैंड ने महज 9 गेंदों के भीतर 4 विकेट गंवा दिए थे, जिसने उनकी कमर तोड़ दी। भारतीय गेंदबाजों में आरएस अंबरीश सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को 2-2 सफलताएं मिलीं।