
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बारिश की बूंदों ने मध्य प्रदेश लीग टी-20 टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल धो दिया, साथ ही रीवा जैगुआर्स टीम की उम्मीदें भी पानी में बह गईं। वर्षा के कारण मैच को 7.2 ओवर के बाद ही रद करना पड़ा। लीग मैचों में बेहतर प्रदर्शन के कारण रायल निमाड़ ईगल्स टीम को फाइनल में प्रवेश मिला। इस लीग का मीडिया पार्टनर नईदुनिया है।
होलकर स्टेडियम में वर्षा की संभावनाओं के बीच गुरुवार को मैच तो प्रारंभ हुआ, लेकिन बूंदों का डर बना हुआ था। रायल निमाड़ ईगल्स ने टास जीतकर गेंदबाजी चुनी। वर्षा से प्रभावित मैच में रनरेट अहम होता है और उसे हासिल करने के लिए बल्लेबाजी बाद में करना मुफीद माना जाता है। रीवा जैगुआर्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही। सितारा बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी पहली ही गेंद पर पारुष मंडल का शिकार बने।
अरहम अकील भी सिर्फ नौ रन बना सके और कुमार कार्तिकेय सिंह का शिकार बने। अगले बल्लेबाज अनंत वर्मा को भी कुमार कार्तिकेय ने खाता नहीं खोलने दी। टीम 41 रनों पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में थी।
इसके बाद पानी गिरना शुरू हो गया और मैच रद होने तक नहीं रुका। अंक तालिका में रायल निमाड़ ईगल्स टीम 15 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर थी जबकि रीवा जैगुआर्स टीम 11 अंकों के साथ तीसरे क्रम पर थी। लीग मैचों में बेहतर प्रदर्शन के चलते रायल निमाड़ ईगल्स टीम को फाइनल में प्रवेश मिला।