
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। चंबल घड़ियाल्स ने अपने आक्रामक प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए शुक्रवार को मध्य प्रदेश लीग टी-20 टूर्नामेंट की ट्रॉफी हासिल की। फाइनल मैच में चंबल घड़ियाल्स ने रायल निमाड़ ईगल्स टीम को 31 रनों से पराजित किया। चंबल घड़ियाल्स ने पांच विकेट पर 224 रन बनाए। जवाब में रॉयल निमाड़ ईगल्स टीम सात विकेट पर 193 रन ही बना सकी।
चंबल घड़ियाल्स टीम ने अपराजेय रहते हुए लीग का समापन किया। होलकर स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए चंबल घड़ियाल्स की ओर से कप्तान शुभम शर्मा ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 38 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के भी लगाए। उनके अलावा अपूर्व द्विवेदी ने भी 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
पारी के दौरान अपूर्व ने सिर्फ 25 गेंदों का सामना किया और तीन चौके व पांच जोरदार छक्के लगाते हुए अपना दबदबा बनाया। आलराउंडर त्रिपुरेश सिंह ने भी बल्ले से अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने मात्र 24 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। रायल निमाड़ ईगल्स के गेंदबाज अप्रभावी नजर आए। रनों को रोकने में भी उन्हें दिक्कत हुई।
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रायल निमाड़ ईगल्स की शुरूआत खराब रही और ओपनर धर्मेश पटेल सिर्फ 17 रन बनाकर त्रिपुरेश सिंह का शिकार बने। कप्तान हिमांशु मंत्री ने पारी संभालने का प्रयास किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। हिमांशु ने 25 गेंदों में तेजी से 44 रन बनाए। उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए।

मगर रनों की रफ्तार बढ़ाने के प्रयास में वे गलती कर बैठे अर अमन भदौरिया ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर पवैलियन भेज दिया। लगातार गिरते विकेटों के बीच टीम का स्कोर छह विकेट पर 119 रन हो गया था। लगा ईगल्स टीम सस्ते में सिमट जाएगी, तभी अभिषेक मावी ने मोर्चा संभालते हुए अकेले किला लड़ाया। उन्होंने 39 गेंदों में आक्रामक अंदाज में 73 रनों की नाबाद पारी खेली।
इस पारी में उन्होंने पांच चौके और छह छक्के लगाए। चंबल घड़ियाल्स के तमाम गेंदबाजों को उन्होंने मैदान के चारों ओर पीटा। मगर उनके एकांकी प्रयास भी टीम को जीत नहीं दिला सके।
यह भी पढ़ें : इंदौर ने मनाया क्रिकेट का उत्सव, एमपीएल के फाइनल में होलकर स्टेडियम में मनी दिवाली