डिजिटल टीम, ग्वालियर। रविवार को कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में क्रिकेट का ऐसा फ्रेंडली मुकाबला देखने को मिला, जिसमें मैदान पर चौके-छक्कों के साथ हंसी-मजाक और खेल भावना भी जमकर दिखाई दी। एक ओर अनुभवी खिलाड़ियों, कोच, ट्रेनर और बीसीसीआई अंपायर से सजी जीडीसीए इलेवन थी, तो दूसरी तरफ गुरु इलेवन में ऐसे खिलाड़ी मौजूद थे, जो मैदान के बाहर फाइलों और व्यवस्था को लाइन में रखते हैं और मैदान के भीतर बल्लेबाजों को।
गुरु इलेवन ने बनाया 4/153 रनों का स्कोर
बृजेश शर्मा 'गुरु' की कप्तानी में गुरु इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 4 विकेट पर 153 रन ठोक दिए। टी. प्रतीक राव ने 39 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि सोजान सिंह रावत ने 30, गौरव श्रीवास्तव ने 28 और रवि भदौरिया ने 20 रन का उपयोगी योगदान दिया।
जीडीसीए की ओर से बाबा पाटनकर गेंदबाजी में सबसे असरदार रहे। उन्होंने चार विकेट लेकर गुरु इलेवन के बल्लेबाजों को थोड़ा परेशान जरूर किया, लेकिन बाकी गेंदबाज विकेट के लिए ज्यादा ‘पसीना बहाते’ नजर आए। जिनमें लवकेश चौधरी, हरदीप गिल, दिनेश निचरेले और पुष्पेंद्र भदौरिया शामिल थे।
सोजान के अलावा दिलीप व बृजेश की किफायती गेंदबाजी
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीडीसीए इलेवन ने शुरुआत संभली हुई की, लेकिन रन गति आखिर में साथ नहीं दे सकी। आरिफ खान ने 29 रन, प्रमोद ने 31, तेजराज सिंह चौहान ने 27 और हरदीप गिल ने 24 रन बनाए, फिर भी टीम 20 ओवर में 3 विकेट पर 135 रन ही बना सकी।
गुरु इलेवन की ओर से सोजान सिंह रावत ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए दो विकेट झटके। दिलीप सिंह तोमर और बृजेश शर्मा की कसी गेंदबाजी रही। आखिरकार ‘ऑफिस ऑर्डर’ वाली टीम ने मैदान पर भी अपना ऑर्डर कायम रखते हुए मुकाबला 18 रन से अपने नाम कर लिया।
गुरु इलेवन की शानदार जीत पर देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर 'रामू भैया', अरविंद सिंह संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग ग्वालियर, विक्रांत राठौर, जितेन्द्र कुशवाह डीएसपी,बंटू राजावत, मीनेश शर्मा, रिंकू त्रिपाठी, जीतेन्द्र यादव, आलोक कुशवाह, हिमांशु तिवारी, अमित कटारे, कमल लोधी ने खुशी जाहिर की है।
दोनों टीमें इस प्रकार रहीं
- गुरु इलेवन: बृजेश शर्मा कप्तान, दिलीप सिंह तोमर, सोजान सिंह रावत, टी. प्रतीक राव, गौरव श्रीवास्तव, रवि भदौरिया, तरुण पांडेय, नमन कौरव, अनमोल श्रीवास्तव, अतुल, चेतन, सजय जैन।
- जीडीसीए: आरिफ खान कप्तान, इंद्रोजी राव कदम, दिनेश निचरेले, नवीन राठोर, हरदीप गिल, लवकेश चौधरी, तेजराज, बाबा पाटनकर, पुष्पेन्द्र भदौरिया, प्रमोद।