

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। किसी के पास हाथ नहीं है तो कोई अपने कदमों पर खड़े नहीं हो सकता। शरीर की विभिन्न कमियों के बावजूद प्रथम पैरा राष्ट्रीय रेंकिग टेबल टेनिस चैम्पियनशिप इन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन तथा पैरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन द्वारा अभय प्रशाल में खेली जा रही स्पर्धा में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
पुरूष वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संदीप डांगी, जेडी मदान, सुमित सहगल, कुणाल अरोड़ा, हितेश डोलवानी ने जीत हासिल की। वहीं महिला वर्ग में ओलिंपियन भाविना पटेल, सोनल पटेल, निशा कुमारी, नतानिया जैन ने अपने- अपने वर्गो में जीत दर्जकी।
पुरुष वर्ग में क्लास-1 के सेमीफाइनल में संदीप डांगी (हरियाणा) ने जेडी मदान (तमिलनाडु) को 3-1 से, मयंक श्रीवास्तव (उत्तर प्रदेश) ने अल्पेश बी. सुतरिया (गुजरात) को 3-1 से हराया। पुरुष वर्ग में क्लास-2 के सेमीफाइनल में जगन्नाथ एचएम (कर्नाटक) ने लक्ष्य गुप्ता (हरियाणा) को 3-1 से और जय भोले दवे (गुजरात) ने अविनाश गोपीनाथन (तमिलनाडु) को 3-1 से परास्त किया।
क्लास-3 के सेमीफाइनल में नवीन कादियान (उत्तर प्रदेश) ने सर्वना कुमार (तमिलनाडु) को 3-0 से हराकर फाइनल में कदम रखा। वहीं शुभम वाधवा (पंजाब) ने मधु राम (राजस्थान) को 3-1 से मात दी। पुरूष वर्ग में क्लास-4 और 5 के सेमीफाइनल में त्रिवेंद्र सिंह (उत्तर प्रदेश) ने राज अरविंदन अलगुर (तमिलनाडु) को 3-1 से हराया वहीं दूसरे सेमीफाइनल में सुमित सहगल (हरियाणा) ने रमेश चौधरी (गुजरात) को 3-0 से शिकस्त दी।
पुरूष वर्ग क्लास-6 के सेमीफाइनल में विकास ठाकुर (गुजरात) ने ध्रुव चुग (गुजरात) को 3-2 से पराजित किया जबकि उदय कुमार (ओडिशा) ने हिमांशु सिंह (उत्तर प्रदेश) को 3-1 से परास्त किया। क्लास-7 के अंतिम चार वर्ग के मैचों में शिवम पाल (उत्तर प्रदेश) ने रमेश (दिल्ली) को 3-1 से और हर्ष त्रिवेदी (मध्य प्रदेश) ने संजीव हम्मनवार (कर्नाटक) को 3-0 से हराया।
महिलाओं के वर्ग में अधिकांश मुकाबले एकतरफा रहे। महिलाओं के क्लास 4 एवं 5 वर्ग के सेमीफाइनल में विजया दीपिका (तेलंगाना) ने उषा राठौड़ (गुजरात) को 3-0 से और भाविना पटेल (गुजरात) ने काजल मकवाना (गुजरात) को 3-0 से हराते हुए फाइनल में कदम रखा।
महिलाओं के क्लास-7 सेमीफाइनल में सोनल पटेल (गुजरात) ने मीना परमार (गुजरात) को 3-0 से, ध्वानी शाह (गुजरात) ने प्रियंका शर्मा (दिल्ली) को 3-0 से हराया। महिला वर्ग क्लास-8 के सेमीफाइनल में निशा कुमारी (तेलंगाना) ने सैला सोलंकी (गुजरात) को 3-0 से और सविता वी. अज्जनकुट्टी (कर्नाटक) ने मीना बालोदिया (मध्य प्रदेश) को 3-0 से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई।
क्लास-9 के सेमीफाइनल में मेहर कौर (हरियाणा) ने गुंजन ढाका (कर्नाटक) को 3-1 से हराकर फाइनल में कदम रखा। दूसरे सेमीफाइनल में बेबी सहाना (तमिलनाडु) ने भारती संधिया (गुजरात) को 3-0 से हराया। क्लास-10 वर्ग के सेमीफाइनल में नतानिया जैन (दिल्ली) ने देवयानी वाल्हे (मध्य प्रदेश) को 3-0 से हराया। वहीं दूसरे मैच में कंचन बेन (राजस्थान) ने प्रियांशी केसरी (उत्तर प्रदेश) को 3-2 से परास्त किया।
यह भी पढ़ें- Indore Local Sports: इंदौर के पंकज विश्वकर्मा तथा अनुषा कुटुंबले चैंपियन बने