ग्वालियर के राहुल वर्मा का वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चयन, किर्गिस्तान में देश के लिए उठाएंगे वजन
राहुल पहले भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश के लिए पदक जीतकर नाम रोशन कर चुके हैं।
Publish Date: Sat, 27 Jun 2026 03:32:44 PM (IST)Updated Date: Sat, 27 Jun 2026 03:33:08 PM (IST)
स्ट्रेंथलिफ्टर राहुल वर्मा का फाइल फोटो।HighLights
- एसबीआई के ब्रांच मैनेजर हैं राहुल
- +95 किग्रा भार वर्ग में मिला टिकट
- सितंबर में किर्गिस्तान में सजेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। 13वीं वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग एवं इंक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 के लिए मध्य प्रदेश ग्वालियर के राहुल वर्मा का चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 8 से 12 सितंबर तक किर्गिस्तान के इस्सीक-कुल में आयोजित होगी।
एसबीआई में कार्यरत हैं राहुल
इंडियन स्ट्रेंथलिफ्टिंग फेडरेशन के महासचिव बाबुल विकास पत्रनाबिस ने मप्र एसोसिएशन को भेजे पत्र में इसकी पुष्टि की है। एसबीआई में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत राहुल वर्मा +95 किग्रा भार वर्ग में मास्टर-1 पुरुष श्रेणी में स्ट्रेंथलिफ्टिंग और इंक्लाइन बेंच प्रेस दोनों स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राहुल वर्मा पहले भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश के लिए पदक जीतकर नाम रोशन कर चुके हैं। उनका चयन मध्यप्रदेश के खेल जगत के लिए बड़े हर्ष और गौरव की बात है। फेडरेशन ने पत्र में स्पष्ट किया है कि फंड की कमी के कारण चयनित खिलाड़ियों को आने-जाने का खर्च स्वयं वहन करना होगा। भारतीय टीम 7 सितंबर को दिल्ली से रवाना होगी।