
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। जिले के गांव बोरगांव खुर्द के 18 वर्षीय कुश्ती खिलाड़ी नीरज पिता विट्ठल पटेल ने बुधवार को थाईलैंड में एशियन कुश्ती में जापान के नारू सेंबा को 4-3 से हराकर भारत के लिए कांस्य पदक जीता।
नीरज ने अंडर-20 एशियन चैंपियनशिप में 55 किलोग्राम वर्ग में प्रदर्शन करते हुए यह पदक हासिल किया। विदित हो कि खंडवा जिला प्रदेश में कुश्ती का हब बन चुका है। वहीं बोरगांव खुर्द कुश्ती की खान बन चुका है। बोरगांव खुर्द की माधुरी और छाया पटेल ने कुश्ती के क्षेत्र में उज्जैन में प्रथम स्थान पाया और शीघ्र ही में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए हरियाणा के रोहतक में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर मंत्री कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक कंचन मुकेश तनवे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित खेलप्रेमी सुनील जैन व अन्य ने हर्ष जताया है।
वहीं नीरज पटेल की उपलब्धि पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने नीरज के स्वजन को बधाई दी और खिलाड़ी के भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
खरगोन। शहर के होनेहार निशानेबाज गौरव अग्रवाल ने इंदौर में आयोजित अंतरविद्यालयीन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 23 पदक अपने नाम किए हैं। महाराणा तुकोजीराव पंवार एसआर ट्राफी में गौरव ने अपनी शूटिंग प्रतिभा का लोहा मनवाया और सटीक निशाना साधते हुए यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
छह दिवसीय स्पर्धा के समापन समारोह में अतिथियों ने गौरव को मेडल देकर सम्मानित करते हुए कहा कि एक ही स्पर्धा में इतनी बड़ी संख्या में पदक जीतना अपने आप में एक महत्वपूर्ण कीर्तिमान है। गौरव के पिता शहर के युवा उद्यमी प्रितेश अग्रवाल ने बताया कि गौरव इंदौर स्थित निजी स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र हैं।
स्पर्धा में उसे विभिन्न श्रेणियों में 13 स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदक मिले हैं। इस उपलब्धि पर परिवार व स्नेहीजनों ने हर्ष व्यक्त किया है। ज्ञात हो कि गौरव की बड़ी बहन शुटिंग क्षेत्र में ही राष्ट्रीय स्पर्धाओं में शामिल होकर गोल्ड मेडल जीत चुकी है। गौरव के दादा कैलाश अग्रवाल स्वयं खेल गतिविधियों में आगे रहे हैं और वर्तमान में भी कई खेल संस्थाओं से जुड़े हुए हैं।