
स्पोर्ट्स डेस्क। कहते हैं कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जुनून हो और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो परिस्थितियां भी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं। इस कहावत को उमरिया के युवा क्रिकेटर रोशन केवट ने सच कर दिखाया है। साधारण परिवार से आने वाले मध्यम तेज गेंदबाज रोशन का चयन मध्य प्रदेश की सीनियर रणजी ट्रॉफी टीम में हुआ है। उमरिया जिले के क्रिकेट इतिहास में पहली बार किसी स्थानीय खिलाड़ी को यह उपलब्धि मिलने से खेल जगत में खुशी का माहौल है।
रोशन मूल रूप से ग्राम जारारोड़ा, गैरतलाई, थाना बरही क्षेत्र के निवासी हैं। वर्ष 2018 में वे क्रिकेट में आगे बढ़ने और पढ़ाई के उद्देश्य से उमरिया आए थे। उन्होंने कल्याणकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उमरिया से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद उन्होंने उमरिया में रहकर पढ़ाई के साथ लगातार क्रिकेट का अभ्यास जारी रखा। जिला क्रिकेट संघ के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
रोशन के पिता रामाधार केवट ट्रक ड्राइवर हैं, जबकि उनकी माता पंचवती केवट गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद रोशन ने क्रिकेट में करियर बनाने का सपना नहीं छोड़ा। गांव से शहर आकर उन्होंने अपना पूरा ध्यान खेल और पढ़ाई पर केंद्रित रखा। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को पूरा करने में कठिनाइयां महसूस करते हैं।
यह भी पढ़ें- कैसे बढ़ेंगी खेल प्रतिभाएं: 27 साल, 5 परिषदें, 2 बार बेदखली, भिलाई-3 का मिनी स्टेडियम आज भी अधूरा