
टेक्नॉलॉजी डेस्क, नईदुनिया। मेटा ने अपने लोकप्रिय मैसेंजर ऐप WhatsApp के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। कंपनी ने यूजर्स की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए नया यूजरनेम फीचर शुरू किया है। इसके तहत अब लोग अपना यूनिक यूजरनेम पहले से रिजर्व कर सकेंगे। यह सुविधा सोमवार से दुनियाभर के यूजर्स के लिए शुरू की गई है।
मेटा के अनुसार, यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा इसलिए शुरू की गई है ताकि यूजर्स ऐप में फीचर आने से पहले ही अपना नाम सुरक्षित कर सकें। WhatsApp का यह फीचर साल के आखिर में ऐप पर उपलब्ध कराया जाएगा।
कंपनी ने बताया कि यूजर्स को रिजर्वेशन सुविधा उपलब्ध होने पर ऐप के अंदर ही इसकी जानकारी दी जाएगी। इसके बाद वे अपना यूनिक यूजरनेम बना और रिजर्व कर पाएंगे।
WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि यह फीचर सोशल मीडिया हैंडल की तरह काम नहीं करेगा। इसमें कोई पब्लिक डायरेक्टरी या यूजर सुझाव की सुविधा नहीं होगी।
कंपनी के मुताबिक, यूजरनेम ऐसा होना चाहिए जिसे केवल वही लोग जानें जिनसे यूजर संपर्क रखना चाहता है। किसी व्यक्ति को पहली बार WhatsApp पर संपर्क करने के लिए आपका सही यूजरनेम पता होना जरूरी होगा।
इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यूजर्स को अपना फोन नंबर हर किसी के साथ शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे फोन नंबर की जगह अपना यूनिक यूजरनेम दे सकेंगे।
WhatsApp (@WhatsApp) posts, "your phone number is personal and sometimes you want to connect without handing it over. that's why we're introducing usernames for WhatsApp. starting this week, you can reserve a username to use later this year when we launch the feature. It takes… pic.twitter.com/8ZIPeQ6fa3
— Press Trust of India (@PTI_News) June 30, 2026
WhatsApp ने यूजर्स के लिए 'यूजरनेम की' (username key) का विकल्प भी दिया है। इसके जरिए यूजर यह तय कर सकेंगे कि कौन व्यक्ति उनके यूजरनेम के माध्यम से पहली बार मैसेज कर सकता है।
अगर कोई नया व्यक्ति संपर्क करना चाहता है तो उसे यूजर की सेट की गई 'की' की जरूरत होगी। यूजर इस की को कभी भी बदल सकता है, जिससे अकाउंट की सुरक्षा और मजबूत होगी।
पिछले हफ्ते मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने बताया था कि CRED के फाउंडर कुणाल शाह मेटा में WhatsApp के अगले ग्लोबल CEO के तौर पर शामिल होंगे। इसके अलावा मेटा फिनटेक कंपनी CRED में लगभग 900 मिलियन डॉलर यानी करीब 8,550 करोड़ रुपये का निवेश भी कर रही है।