शादी से पहले गैस सिलिंडर की किल्लत, दुल्हन ने डीएम से लगाई गुहार, हरकत में आया प्रशासन
उत्तर प्रदेश के बांदा में गैस सिलिंडर की कमी का असर अब आम लोगों की जिंदगी के अहम मौकों पर भी पड़ने लगा है। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 01 May 2026 02:26:05 PM (IST)Updated Date: Fri, 01 May 2026 02:30:46 PM (IST)
शादी से पहले गैस सिलिंडर की किल्लत, दुल्हन ने डीएम से लगाई गुहार।HighLights
- सिलिंडर देने से मना करने का आरोप
- जिलाधिकारी ने तुरंत हस्तक्षेप किया
- जिला पूर्ति अधिकारी को फटकार
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के बांदा में गैस सिलिंडर की कमी का असर अब आम लोगों की जिंदगी के अहम मौकों पर भी पड़ने लगा है। एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां शादी से पहले एक युवती को मदद के लिए जिला अधिकारी के दरबार तक पहुंचना पड़ा।
झील के पुरवा निवासी रामसहाय की बेटी नीलम की शादी 7 मई को तय है। शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं, लेकिन गैस सिलिंडर न मिलने की वजह से परिवार को मेहमानों की व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता सताने लगी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि नीलम अपने पिता के साथ सीधे डीएम कार्यालय पहुंच गईं।
सिलिंडर देने से मना करने का आरोप
परिवार का आरोप है कि गैस एजेंसी पर संपर्क करने के बावजूद सिलिंडर देने से मना कर दिया गया। यहां तक कि एजेंसी संचालक ने कथित तौर पर डीएम के आदेश लाने की बात कही, जिसके बाद परिवार ने शिकायत पत्र के साथ प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
जिलाधिकारी ने तुरंत हस्तक्षेप किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सिलिंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने साफ कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जल्द ही गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को जल्द ही गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा और उन्हें अब भटकना नहीं पड़ेगा।
यह घटना न सिर्फ आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए किस हद तक संघर्ष करना पड़ रहा है।