गोरखपुर में जल्द दौड़ेगी डबल डेकर एसी बस... कम किराए में मिलेगा लग्जरी सफर, जल्द शुरू होगी सेवा
गोरखपुर क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन निगम के राप्तीनगर स्थित डिपो में पहली अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बस पहुंच चुकी है।...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 03:25:22 PM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 03:25:22 PM (IST)
गोरखपुर में जल्द दौड़ेगी डबल डेकर एसी बसHighLights
- गोरखपुर डिपो पहुंची पहली लग्जरी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस
- गोरखपुर-कसया मार्ग पर परीक्षण के बाद तय होगा नियमित रूट
- साधारण इलेक्ट्रिक बस के बराबर ही तय किया जाएगा किराया
एजेंसी, गोरखपुर। गोरखपुर क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन निगम के राप्तीनगर स्थित डिपो में पहली अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बस पहुंच चुकी है। रोडवेज प्रशासन अब इस बस के परीक्षण (ट्रायल) की प्रक्रिया पूरी करने में लगा है।
गोरखपुर-कसया मार्ग पर होगा ट्रायल
शुरुआती योजना के तहत इस बस का ट्रायल गोरखपुर से कसया रूट पर किया जाएगा। ट्रायल में सफलता मिलने के बाद इसका नियमित रूट तय कर दिया जाएगा। राहत की बात यह है कि यात्रियों से साधारण इलेक्ट्रिक बस के बराबर ही किराया लिया जाएगा, जिससे कम खर्च में आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा।
सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की पहल
- पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े को बढ़ा रहा है।
- गोरखपुर डिपो में अयोध्या, वाराणसी और सोनौली मार्ग पर 20 एसी इलेक्ट्रिक बसें पहले से संचालित हैं।
- स्थानीय स्तर पर शहर के अलग-अलग रास्तों पर 25 इलेक्ट्रिक बसें सेवाएं दे रही हैं।
- नगरीय परिवहन को सुगम बनाने के लिए शासन द्वारा 150 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों को स्वीकृति दी जा चुकी है।
क्षेत्रीय प्रबंधक का बयान
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह के अनुसार, डबल डेकर बस गोरखपुर पहुंच गई है और फिलहाल ट्रायल की तैयारियां चल रही हैं। परीक्षण सफल रहते ही इसे आम जनता की सेवा में समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे शहरवासियों का सफर और अधिक सुविधाजनक होगा।
यह भी पढ़ें- यूपी में ओला-उबर के लिए नए नियम जारी, 12 साल पुरानी कैब भी चलेंगी, 10 मिनट लेट होने पर ड्राइवर पर ₹100 पेनल्टी