
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में कांशीराम आवासीय कॉलोनी की पानी की टंकी पर फंसे दो किशोरों को रविवार सुबह सेना के हेलीकॉप्टर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब 16 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन का सबसे अहम चरण महज 9 मिनट में पूरा हो गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को पांच किशोर टंकी पर रील बनाने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान तीन नीचे गिर गए, जबकि पवन और कल्लू ऊपर ही फंस गए। सीढ़ी टूट जाने के कारण उनके पास नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा।
On a request from state government authorities, an IAF Mi 17 V5 of Central Air Command (CAC) was deployed to rescue two stranded children, who were stuck on top of a water tank in Sidharth Nagar in Gorakhpur, Uttar Pradesh. The children were stranded in the night as the ladder of… pic.twitter.com/dZ2D4shbQS
— CAC, IAF (@CAC_CPRO) May 3, 2026
सेना की मदद लेने का फैसला
रात में गोरखपुर से पहुंची एनडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू की कोशिश की, लेकिन खराब रास्ते और उपकरणों के इस्तेमाल में दिक्कतों के कारण अभियान सफल नहीं हो सका। स्थिति गंभीर होती देख प्रशासन ने सेना की मदद लेने का फैसला किया।
सेना का हेलीकॉप्टर मंगाया गया
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क किया, जिसके बाद गोरखपुर से सेना का हेलीकॉप्टर मंगाया गया। रविवार सुबह करीब 5:20 बजे हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचा और जवानों ने तेजी से ऑपरेशन शुरू कर दोनों किशोरों को सुरक्षित निकाल लिया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया।
इससे पहले प्रशासन ने रात में टंकी तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाने की कोशिश भी की थी, लेकिन बारिश के कारण काम बाधित हो गया। इसके बाद हवाई रेस्क्यू का फैसला लिया गया।
अभियान के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
पूरे अभियान के दौरान जिलाधिकारी, एडीएम गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। प्रशासन और सेना के तालमेल से यह मुश्किल रेस्क्यू सफल रहा और बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि इस घटना में एक किशोर सिद्धार्थ की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य घायल किशोरों का इलाज माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेगा 'शक्ति चक्र', 31 जिलों के देवी मंदिरों को जोड़कर तैयार होगा नया पर्यटन सर्किट