यूपी में नए सत्र से ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य, शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026–27 की शुरुआत 1 अप्रैल से हो चुकी है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 05 Apr 2026 03:05:10 PM (IST)Updated Date: Sun, 05 Apr 2026 03:06:34 PM (IST)
HighLights
- ऑनलाइन उपस्थिति में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं
- नई व्यवस्था लागू करने के लिए तैयारियां हुईं तेज
- प्रधानाचार्यों को गाइडलाइन के अनुसार निर्देश जारी
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026–27 की शुरुआत 1 अप्रैल से हो चुकी है। नए सत्र के साथ ही परिषद ने शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव लागू किया है। अब प्रवेश और पंजीकरण प्रक्रिया के साथ-साथ ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत कक्षा 9 से 12 तक के सभी छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति भी परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।
ऑनलाइन उपस्थिति में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए और ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए तैयारियां तेज
महराजगंज जनपद में कुल 279 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 29 राजकीय, 39 वित्तपोषित और शेष वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। सभी स्कूलों में इस नई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में दूल्हा-दुल्हन और गवाहों की पहले आधार से होगी पहचान फिर होगा विवाह का रजिस्ट्रेशन
प्रधानाचार्यों को गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक निर्देश जारी
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती प्रसाद के निर्देश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने सभी प्रधानाचार्यों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस ऑनलाइन प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।