फिल्म देखने थिएटर पहुंचीं तीन सहेलियां, गांव में ‘लापता’ होने की खबर से मचा हड़कंप, घंटों तलाश करती रही यूपी पुलिस
गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव की तीन किशोरियां अचानक घर से लापता हो गईं। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 19 May 2026 05:21:47 PM (IST)Updated Date: Tue, 19 May 2026 05:24:59 PM (IST)
फोटो प्रतीकात्मक है और एआई से बनाई गई है। डिजिटल डेस्क, गोरखपुर। गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव की तीन किशोरियां अचानक घर से लापता हो गईं। परिवार वालों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे इलाके में खोजबीन शुरू कर दी गई।
हालांकि करीब तीन घंटे बाद तीनों किशोरियां सकुशल मिल गईं। पूछताछ में पता चला कि वे बिना बताए शहर फिल्म देखने चली गई थीं।
सुबह घर से निकलीं, दोपहर तक नहीं लौटीं
जानकारी के मुताबिक, बेलघाट थाना क्षेत्र के एक गांव की तीन सहेलियां सोमवार सुबह करीब सात बजे घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
धीरे-धीरे गांव में किशोरियों के लापता होने की खबर फैल गई। किसी ने अपहरण की आशंका जताई तो किसी ने अनहोनी की बात कही। इससे परिवार के लोग घबरा गए और पुलिस के पास पहुंच गए।
बस स्टैंड से बाजार तक पुलिस ने की तलाश
सूचना मिलते ही बेलघाट थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने बस स्टैंड, बाजार और आसपास के इलाकों में किशोरियों की तलाश शुरू कर दी। कई घंटों तक पुलिस और परिजन परेशान होकर उन्हें खोजते रहे।
थिएटर में फिल्म देख रही थीं तीनों सहेलियां
इधर परिवार और पुलिस उनकी तलाश में जुटे थे, उधर तीनों सहेलियां शहर के एक थिएटर में बैठकर फिल्म देख रही थीं। फिल्म खत्म होने के बाद वे शहर में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर पहुंचीं।
रिश्तेदार ने पूछताछ की तो किशोरियों ने बताया कि वे घरवालों को बिना बताए फिल्म देखने चली गई थीं। इसके बाद परिवार वालों ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें- 'मां बीमार है' कहकर पहले मायके गई, अब प्रेमी के संग फरार हुई तीन बच्चों की मां, पति ने लगाई न्याय की गुहार
पुलिस ने परिजनों को सौंपा
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि तीनों किशोरियां सकुशल मिल गई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में फिल्म देखने जाने की बात सामने आई है। आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।