41 साल की शादी के बाद बुजुर्ग ने लगाई डीएम से इंसाफ की गुहार, साहब पत्नी जूतों से पीटती है और घर से भी निकाल दिया है
कानपुर में जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने वहां मौजूद अधिकारियों और लोगों को भावुक कर दिया।
Publish Date: Thu, 23 Jul 2026 02:06:27 PM (IST)Updated Date: Thu, 23 Jul 2026 02:10:37 PM (IST)
कानपुर डीएम से इंसाफ की गुहार लगाते बुजुर्ग।HighLights
- जान से मारने और हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी देती है
- डीएम ने टीम को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए
- चार दिनों तक परिवार की काउंसलिंग की जाएगी
डिजिटल डेस्क, कानपुर। कानपुर में जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने वहां मौजूद अधिकारियों और लोगों को भावुक कर दिया। 41 वर्षों से विवाहित एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी पर मारपीट, अपमानित करने और घर से बेदखल करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल काउंसलिंग और जांच के निर्देश दिए। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दर्शन में बिधनू थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले बुजुर्ग पहुंचे।
जूतों से पीटती है और घर से निकाल चुकी है
उन्होंने कांपते हाथों से अपना प्रार्थना-पत्र सौंपते हुए बताया कि वर्षों की मेहनत से परिवार को खड़ा किया, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई कराई और उनकी शादियां भी कराईं। उन्होंने पत्नी के नाम जमीन भी खरीदी, लेकिन अब वही पत्नी उनके साथ मारपीट करती है, जूतों से पीटती है और घर से निकाल चुकी है।
जान से मारने और हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी देती है
बुजुर्ग का आरोप है कि उनकी पत्नी अक्सर उन्हें जान से मारने और हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी देती है। इतना ही नहीं, उन्होंने रहने के लिए जो झोपड़ी बनाई थी, उसे भी गिरा दिया गया। उनका यह भी कहना है कि इस पूरे विवाद में बेटे भी उनका साथ नहीं दे रहे हैं, जिससे वे पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे हैं।
टीम को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए
बुजुर्ग की आपबीती सुनने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को संवेदनशील मानते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी और वन स्टॉप सेंटर की टीम को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए। प्रशासन ने परिवार के सभी सदस्यों की काउंसलिंग शुरू करा दी है, ताकि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके।
चार दिनों तक परिवार की काउंसलिंग की जाएगी
जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर, पुलिस टीम और केस वर्करों को बुजुर्ग के घर भेजा गया है। अगले तीन से चार दिनों तक परिवार की काउंसलिंग की जाएगी। यदि दोनों पक्ष सहमत होते हैं तो लिखित समझौता कराया जाएगा, ताकि भविष्य में विवाद दोबारा होने की स्थिति में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी और कानून के दायरे में रहकर उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।