यूपी के औरैया जिले में भाजपा नेता की कार बनी ‘डांस फ्लोर’, नोट उड़ाने का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक शादी समारोह के दौरान कथित रूप से भाजपा नेता से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 29 Apr 2026 04:25:27 PM (IST)Updated Date: Wed, 29 Apr 2026 04:27:32 PM (IST)
एसयूवी पर चढ़कर डांस करते और नोट उड़ाते युवक। फोटो-वीडियो ग्रैबHighLights
- कार पर चढ़कर डांस कर रहा युवक
- लोग नोट उड़ाते दिखाई दे रहे हैं
- कार का चालान किए जाने की चर्चाएं भी
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक शादी समारोह के दौरान कथित रूप से भाजपा नेता से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक कार की छत पर चढ़कर डांस करता नजर आ रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग नोट उड़ाते दिखाई दे रहे हैं।
इस घटना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक गेस्ट हाउस परिसर के अंदर का है, जहां शादी समारोह के दौरान यह घटनाक्रम हुआ।
कार पर चढ़कर डांस कर रहा युवक
वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार खड़ी हुई है और उसी पर चढ़कर युवक डांस कर रहा है। मौके पर मौजूद अन्य लोग भी मस्ती के माहौल में शामिल दिखाई देते हैं। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलामंत्री व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आदर्श ठाकुर ने कहा कि वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उनके अनुसार, यह घटना सड़क पर नहीं बल्कि गेस्ट हाउस के अंदर हुई, जहां वाहन स्थिर अवस्था में खड़ा था।
कार का चालान किए जाने की चर्चाएं भी
वहीं, परिवहन विभाग की ओर से कार का चालान किए जाने की चर्चाएं भी सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, वीडियो के आधार पर लगभग 27,500 रुपये का चालान काटे जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) नानक चंद्र शर्मा ने इस संबंध में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है।
पुलिस बोली-मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है
इसी तरह, यातायात निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने भी कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। फिलहाल, वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।