झांसी में श्राद्ध कर रहे परिवार के पांच लोगों की मौत, एक को बचाने सभी नदी में डूबे, मृतकों में बाप-बेटे, भतीजे और भांजे
झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। मृतकों में बाप-बेटे, भतीजे और भांजे शामिल हैं।
Publish Date: Wed, 30 Sep 2026 11:53:56 AM (IST)Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 12:00:40 PM (IST)
मृतकों का फाइल फोटोHighLights
- नदी में डूबने से एक परिवार के पांच लोगों की मौत
- एक को बचाने नदी में उतरे पानी में सभी डूब गए
- झांसी के मऊरानीपुर पुलिस थाना क्षेत्र की घटना
नईदुनिया प्रतिनिधि, झांसी। जनपद में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। मृतकों में बाप-बेटे, भतीजे और भांजे शामिल हैं। घटना मऊरानीपुर थाना क्षेत्र का मंगलवार दोपहर 12 बजे की है।
देवरी सिंहपुरा निवासी विजय तिवारी के अनुसार अनूप तिवारी (45) के ताऊ का श्राद्ध कार्यक्रम था। वह बेटे अर्पित (12), भांजे पुष्कर शुक्ला (23), भतीजे अभिनय तिवारी (26) और श्रेयांश तिवारी (21) के साथ सुखनई नदी के चैक डैम के पास तिलांजलि देने व स्नान करने गए थे।
एक दूसरे को बचाने में पांचों डूबे
पुष्कर जालौन के हरदोई का रहने वाला था। अनूप पूजा करने नदी में उतरे। वह नदी के बीच पहुंचे ही थे कि डूबने लगे। उनको डूबता देखकर अर्पित, पुष्कर, अभिनय और श्रेयांश उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदे। एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में पांचों लोग पानी के अंदर चले गए। बताया गया कि चैक डैम के बाहर पत्थर की चट्टाने होने के कारण सभी लोगों को चोट लगने से डूब गए।
गोताखोरों ने शवों को बाहर निकाला
कुछ ही देर में सभी गहरे पानी में डूब गए। पांचों को को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रानीपुर चौकी और मऊरानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को मौके पर बुलाया और नदी में तलाश शुरू कराई।
करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू में गोताखोरों ने पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से सीएचसी, मऊरानीपुर भेजा। वहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।