पीएम मोदी की अपील के बाद यूपी के सराफा कारोबारियों का बड़ा फैसला, अब ग्राहकों को सीधे नहीं मिलेगा खरा सोना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोना-चांदी के आयात में कमी लाने की अपील के बाद उत्तर प्रदेश के सराफा कारोबारियों ने बड़ा कदम उठाया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 15 May 2026 06:06:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 15 May 2026 06:18:04 PM (IST)
HighLights
- शुद्ध सोना-चांदी (बुलियन), बिस्कुट, सिल्ली की बिक्री नहीं
- केवल सोने-चांदी के आभूषण ही उपलब्ध कराए जाएंगे
- सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला
डिजिटल डेस्क, कानपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोना-चांदी के आयात में कमी लाने की अपील के बाद उत्तर प्रदेश के सराफा कारोबारियों ने बड़ा कदम उठाया है। अब आम ग्राहकों को शुद्ध सोना-चांदी (बुलियन), बिस्कुट और सिल्ली की बिक्री नहीं की जाएगी। ग्राहकों को केवल सोने-चांदी के आभूषण ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
सराफा कारोबारियों का मानना है कि इससे कीमती धातुओं में अनावश्यक निवेश पर रोक लगेगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल
इस बीच, कस्टम ड्यूटी बढ़ने और वैश्विक परिस्थितियों के कारण सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। इसका असर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। शहर के प्रमुख सराफा बाजार बिरहाना रोड, नयागंज और चौक में ग्राहक काफी कम नजर आए, जबकि कई शोरूम लगभग खाली दिखे।
चांदी की कीमत में 35 हजार प्रति किलो से अधिक की तेजी
बीते चार दिनों में चांदी की कीमत में 35 हजार रुपये प्रति किलो से अधिक की तेजी दर्ज की गई है। शनिवार को शहर में चांदी का भाव 2.63 लाख रुपये प्रति किलो था, जो बढ़कर 2.95 लाख रुपये तक पहुंच गया।
वहीं, सोना भी करीब 10 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है। 9 मई को 1,54,800 रुपये प्रति 10 ग्राम बिकने वाला शुद्ध सोना गुरुवार को 1,65,000 रुपये तक पहुंच गया।