फिरोजाबाद में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर बड़ा हादसा, चलती ट्रेन में लगी भीषण आग, जलती बोगी को ट्रेन से किया गया अलग
फिरोजाबाद में बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब रूपसपुर के निकट चलती मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक भीषण आग ल...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 07:04:06 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 07:06:43 PM (IST)
HighLights
- पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची
- रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है
- चालक ने बोगी को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया
डिजिटल डेस्क, फिरोजाबाद। फिरोजाबाद में बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब रूपसपुर के निकट चलती मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया और उससे ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मालगाड़ी के चालक ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। उसने आग लगी बोगी को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे आग अन्य डिब्बों तक नहीं फैल सकी और बड़ा नुकसान टल गया।
पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। रेलवे अधिकारियों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग काफी विकराल थी और दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। घटना में एक व्यक्ति के झुलसकर मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। रेलवे अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन और रेलवे की नजर बनी हुई है।
क्या है डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर?
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर भारतीय रेलवे द्वारा विशेष रूप से माल ढुलाई (Freight) के लिए विकसित किया जा रहा एक उच्च गति और उच्च क्षमता वाला समर्पित रेल नेटवर्क है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्री ट्रेनों को मालगाड़ियों से अलग करके माल परिवहन को तेज, सस्ता और अधिक कुशल बनाना है।
भारत में दो प्रमुख फ्रेट कॉरिडोर ईस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर (Eastern DFC) और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर (Western DFC) का निर्माण कार्य अपने पूर्ण होने के चरण में है।