
डिजिटल डेस्क, मुरादाबाद। भारतीय रेलवे ने गाजियाबाद से सीतापुर तक प्रस्तावित फोर लाइन रेलवे ट्रैक परियोजना को तेजी देने के लिए मुरादाबाद मंडल में दो नए आधुनिक रेल पुलों के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। यह परियोजना भविष्य में गोरखपुर होते हुए गुवाहाटी तक विस्तारित की जाएगी, जिससे उत्तर भारत से पूर्वोत्तर तक रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना के तहत ब्रजघाट में गंगा नदी पर नया रेल पुल बनाया जाएगा, जबकि दूसरा पुल मुरादाबाद में रामगंगा नदी पर तैयार होगा।
दोनों पुल मौजूदा पुराने पुलों के समानांतर बनाए जाएंगे, ताकि रेल संचालन बाधित न हो और ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित एवं तेज हो सके। सूत्रों के अनुसार, परियोजना का सर्वे पूरा कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) रेलवे मुख्यालय भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और निर्माण एजेंसी का चयन कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
ब्रजघाट में गंगा नदी पर बनने वाला नया पुल लगभग 800 मीटर लंबा होगा, जबकि रामगंगा नदी पर प्रस्तावित पुल की लंबाई करीब 450 मीटर रखी गई है। इन पुलों को अत्याधुनिक तकनीक के आधार पर डिजाइन किया जाएगा। साथ ही हाई-स्पीड ट्रैक और ‘कवच’ जैसी उन्नत सुरक्षा प्रणाली भी लागू की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नए पुल तैयार होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की गति में बड़ा सुधार होगा। वर्तमान में ब्रजघाट पुल पर ट्रेनें सीमित गति से गुजरती हैं, लेकिन नई संरचना बनने के बाद ट्रेनों को करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाने की योजना है।
यह भी पढ़ें- खाना खाकर हाथ धोने गईं महिला, 2 मिनट में 15 लाख के गहने गायब, इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस में बड़ी चोरी
रामगंगा पुल पर अप और डाउन दोनों दिशाओं के लिए अलग-अलग लाइनें बिछाई जाएंगी। इससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार आएगा। मुरादाबाद मंडल में इस पूरी फोर लाइन परियोजना पर 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
रेलवे का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच रेल नेटवर्क पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।