कानपुर में तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने दारोगा को मारी टक्कर, टेंट कारोबारी को रौंदा, नदी में गिरी गाड़ी
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो सवार युवकों ने जमकर हंगामा मचाया। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 21 Apr 2026 03:31:19 PM (IST)Updated Date: Tue, 21 Apr 2026 03:36:09 PM (IST)
कानपुर में तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने दारोगा को मारी टक्कर, टेंट कारोबारी को रौंदा। Photo Source AI GeneratedHighLights
- बोलेरो को टॉर्च की रोशनी से रोकने का संकेत दिया
- भागते समय टेंट कारोबारी को भी टक्कर मारी
- पांडु नदी के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी
डिजिटल डेस्क, कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो सवार युवकों ने जमकर हंगामा मचाया। पुलिस चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय भागने की कोशिश में आरोपियों ने एक दारोगा को टक्कर मार दी और बाद में एक टेंट कारोबारी को रौंद दिया।
हादसे के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट गहरी खाई में पांडु नदी में जा गिरी। घटना बिठूर थाना क्षेत्र के टिकरा चौकी अंतर्गत मकसूदाबाद पेट्रोल पंप के पास रात करीब 1 बजे की है।
बोलेरो को टॉर्च की रोशनी से रोकने का संकेत दिया
यहां टिकरा चौकी इंचार्ज बालेंद्र सिंह, सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार यादव और आरक्षी पंकज कुमार वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर की ओर से आ रही बोलेरो को टॉर्च की रोशनी से रोकने का संकेत दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बोलेरो चालक ने वाहन रोकने के बजाय सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार होते हुए टिकरा कस्बे की ओर भाग निकले। घायल दारोगा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
भागते समय टेंट कारोबारी को भी टक्कर मारी
भागते समय बोलेरो चालक ने टिकरा कस्बे में कश्यप नगर निवासी टेंट कारोबारी फूल सिंह कुशवाहा को भी टक्कर मार दी। वह अपने भतीजे के साथ सड़क किनारे खड़े थे। गंभीर रूप से घायल फूल सिंह को निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें- यूपी के इन दर्जनभर गांवों को लोग कहते हैं 'मिनी जामताड़ा', यहां जितने ठग होते हैं गिरफ्तार, उससे ज्यादा हो जाते हैं तैयार
पांडु नदी के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी
इसके बाद बोलेरो पांडु नदी के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद वाहन सवार मौके से फरार हो गए। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो को जेसीबी की मदद से बाहर निकलवा लिया है।
घायल सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार का उपचार पारस अस्पताल, सिंहपुर में चल रहा है। पुलिस ने टिकरा चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर बोलेरो चालक और उसमें सवार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।