
डिजिटल डेस्क, कानपुर। आजकल के युवाओं और किशोरों में टैटू (Tattoo) बनवाने का जबरदस्त क्रेज है। लेकिन फैशन का यह शौक उनके भविष्य, विशेषकर सेना और सरकारी नौकरी के सपने पर भारी पड़ रहा है। कानपुर और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों से सामने आए हालिया आंकड़े चौंकाने वाले हैं, जहां शरीर पर टैटू गुदवाने के कारण 1,000 से अधिक छात्रों को नेशनल कैडेट कोर (NCC) में दाखिले के समय स्क्रीनिंग राउंड से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
दयानंद कॉलेज की एएनओ (ANO) कैप्टन शुभ्रा राजपूत के अनुसार, हाल ही में दो ऐसे उम्मीदवार आए थे, जिन्हें फिजिकल टेस्ट के दौरान शरीर पर टैटू होने की वजह से अयोग्य घोषित कर दिया गया। जानकारी के अभाव में युवा अपना नुकसान कर रहे हैं।
इसे देखते हुए अब दाखिले के समय ही ओरिएंटेशन कार्यक्रम में स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि जिन युवाओं ने टैटू बनवा रखा है, वे आवेदन न करें। बीते दो सालों के आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश भर में 2,000 से ज्यादा युवाओं को केवल इसी कारण रिजेक्ट किया जा चुका है।
सरकारी कर्मचारी सरकार और सिस्टम का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में उनसे एक अनुशासित, संतुलित और पेशेवर छवि की उम्मीद की जाती है। शरीर पर दिखने वाले टैटू, विशेषकर जिनमें धार्मिक, राजनीतिक या आपत्तिजनक शब्द/चिन्ह हों, उन्हें पूरी तरह से वर्जित माना गया है। हालांकि, विभागों के अनुसार नियमों में कुछ छूट भी है। टीचिंग या क्लेरिकल पदों पर यदि टैटू कपड़ों से पूरी तरह ढका रहता है, तो उसे स्वीकार कर लिया जाता है।
केवल बांह के अंदरूनी हिस्से (कोहनी से नीचे) या हथेली के पिछले हिस्से पर।
चेहरे, गर्दन या शरीर के किसी भी स्पष्ट हिस्से पर टैटू होना सीधे तौर पर अयोग्यता (Disqualification) का कारण बनता है।
बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ जैसे बलों में छोटे टैटू की अनुमति तभी है, जब वे वर्दी पहनने के बाद बिल्कुल दिखाई न दें।
टैटू को लेकर नियमों की सख्ती का अंदाजा जीडी कांस्टेबल भर्ती के एक हालिया मामले से लगाया जा सकता है। झोंटू सरकार नामक एक उम्मीदवार को टैटू के कारण मेडिकल राउंड में अनफिट घोषित किया गया था। उम्मीदवार ने डिटेल मेडिकल और रिव्यू मेडिकल के बीच के समय में टैटू रिमूवल सर्जरी करवाई और कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कलकत्ता हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया कि नियमों के खिलाफ जाकर बीच में सर्जरी करवाना मान्य नहीं है और उम्मीदवार को कोई राहत नहीं दी गई।
यदि आप भी सेना, पुलिस या किसी भी सरकारी विभाग में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो टैटू बनवाने से बचें। फैशन की यह छोटी सी भूल आपके सुनहरे भविष्य के दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर सकती है।
यह भी पढ़ें- मृत व्यक्ति को आयकर नोटिस भेजना कानूनन अमान्य, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने संसद से कानून में संशोधन पर विचार करने को कहा