दो पत्नियां और एक पति… सड़क पर आमना-सामना होते ही मचा हंगामा, पुलिस पहुंची तो सामने आया पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के रामपुर में दो पत्नियों से जुड़े एक पारिवारिक विवाद ने सोमवार को उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पति अपनी दूसरी पत्नी को बाइक पर बैठाकर दवा...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 11 Aug 2026 02:46:54 PM (IST)Updated Date: Tue, 11 Aug 2026 03:03:17 PM (IST)
HighLights
- पति ने पुलिस को सूचना दी
- 2010 में हुई थी पहली शादी
- छह महीने पहले दूसरी शादी का दावा
डिजिटल डेस्क, रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में दो पत्नियों से जुड़े एक पारिवारिक विवाद ने सोमवार को उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पति अपनी दूसरी पत्नी को बाइक पर बैठाकर दवा दिलाने कस्बे पहुंचा। इसकी जानकारी पहली पत्नी को मिली तो वह अपने परिजनों के साथ मुख्य मार्ग पर पहुंच गई।
पति के दूसरी पत्नी के साथ आते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला सड़क पर हंगामे में बदल गया।
विवाद बढ़ता देख पति ने पुलिस को सूचना दी
विवाद बढ़ता देख पति ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को चौकी ले गई। बाद में दोनों पक्षों के परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद मानते हुए आपसी बातचीत और सुलह के जरिए समाधान निकालने की सलाह दी है। अब दोनों परिवारों की पंचायत बैठने की तैयारी है।
2010 में हुई थी पहली शादी
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने वर्ष 2010 में इलाके की ही एक युवती से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।
बाद में दंपती अलग-अलग रहने लगे और पहली पत्नी अपने मायके में रहकर जीवनयापन करने लगी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले विवाद को लेकर कोई स्थायी समझौता नहीं हुआ था।
छह महीने पहले उत्तराखंड की महिला से दूसरी शादी का दावा
इसी बीच करीब छह महीने पहले युवक ने उत्तराखंड की रहने वाली एक महिला से कथित तौर पर दूसरी शादी कर ली। यह शादी पहली पत्नी के साथ विवाद का समाधान हुए बिना की गई। सोमवार को युवक अपनी दूसरी पत्नी को बाइक से दवा दिलाने कस्बे में आया था।
पहली पत्नी को जब इसकी जानकारी मिली तो वह अपने परिजनों के साथ रास्ते में पहुंच गई। जैसे ही बाइक पर पति के साथ दूसरी महिला दिखाई दी, दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद दोनों महिलाओं के बीच भी बढ़ गया।
पति ने पुलिस को बुलाया, तीनों को चौकी ले गई पुलिस
सड़क पर बढ़ते विवाद को देखकर युवक घबरा गया और उसने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना मिलने पर PRB और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी तीनों को चौकी ले गए। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के परिजन भी वहां पहुंच गए।
पुलिस ने मामले की स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी। चौकी प्रभारी बृजेश कुमार जायसवाल के अनुसार, पति को आवश्यक हिदायत देकर मामले को आपसी सुलह से निपटाने के लिए वापस भेज दिया गया।
अब पंचायत में होगा मामले का फैसला
पुलिस की मौजूदगी में तत्काल विवाद शांत होने के बाद अब दोनों पत्नियों और पति के परिजनों की पंचायत बैठाने की बात सामने आई है। पंचायत में परिवार के लोग आपसी बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। दो पत्नियों और एक पति से जुड़ा यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।