कानपुर में मैच के दौरान मधुमक्खियों का हमला, वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की मौत
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की बुधवार को एक मैच के दौरान दुखद मृत्यु हो गई। शुक्लागंज के सप्रू मैदान में केडीएमए लीग ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 18 Feb 2026 09:16:31 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Feb 2026 09:16:31 PM (IST)
मधुमक्खियां के हमले में अंपायर की मौतHighLights
- मधुमक्खियों के हमले से केसीए अंपायर मानिक गुप्ता की मौत
- करीब 10 मिनट तक अंपायरों को घेरे रहा मधुमक्खियों का झुंड
- 30 वर्षों से अंपायरिंग कर रहे मानिक गुप्ता के निधन पर शोक
एजेंसी, कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की बुधवार को एक मैच के दौरान दुखद मृत्यु हो गई। शुक्लागंज के सप्रू मैदान में केडीएमए लीग के अंतर्गत वाईएमसीसी और पैरामाउंट के बीच मुकाबला खेला जा रहा था, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने मैदान पर धावा बोल दिया। इस हमले में खिलाड़ियों सहित कई लोग घायल हुए, लेकिन 65 वर्षीय मानिक गुप्ता इसकी चपेट में बुरी तरह आ गए।
सफेद कपड़ों के कारण 10 मिनट तक घेरे रहीं मधुमक्खियां
मैच के दौरान अंपायर मानिक गुप्ता और उनके साथी अंपायर जगदीश शर्मा सफेद कपड़ों में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों का झुंड करीब 10 मिनट तक उनके इर्द-गिर्द मंडराता रहा और उन्हें डंक मारता रहा। मैदान कर्मी और पूर्व क्रिकेटर राहुल सप्रू ने खिलाड़ियों और अंपायरों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मानिक गुप्ता की स्थिति काफी गंभीर हो चुकी थी।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद मानिक गुप्ता को शुक्लागंज के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें एलएलआर (हैलेट) अस्पताल और फिर कार्डियोलॉजी रेफर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फीलखाना निवासी मानिक गुप्ता पिछले 30 वर्षों से केसीए के अंपायरिंग पैनल से जुड़े थे और क्रिकेट के प्रति अपने समर्पण के लिए जाने जाते थे।
केसीए ने व्यक्त किया गहरा शोक
केसीए के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मानिक गुप्ता का निधन खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि केसीए परिवार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है और परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।