
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश में अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित रखें, क्योंकि हवा की दिशा और गति में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि चार नवंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर और बढ़ेगा। सोमवार से ही पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जिससे दिन में हल्की सर्दी महसूस की जा रही है।
आसमान साफ रहने के बावजूद हवा चलने से पंखे की जरूरत नहीं पड़ रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अब रात के तापमान में भी गिरावट आने लगेगी और सुबह-शाम सर्दी बढ़ने लगेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर और आसपास के इलाकों में सुबह-शाम धुंध का असर रहेगा। सुबह करीब नौ बजे के बाद धुंध धीरे-धीरे छंटेगी। सोमवार को शहर में हवा की औसत गति 4.6 किमी प्रति घंटा रही, जो अगले 24 घंटों में बढ़कर 12 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं अब उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी असर दिखाएंगी। वहीं, अरब सागर से आ रही नमी के चलते कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। सोमवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगरा में भी मौसम के मिजाज में बदलाव की शुरुआत होने वाली है। पांच नवंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान साफ और दिनभर धूप रहने का पूर्वानुमान जताया है। सोमवार को आगरा में सुबह से धूप निकली और दिनभर हल्की हवा चलती रही।
रविवार की तुलना में तापमान में हल्का अंतर देखने को मिला - रविवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री था, जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 33.1 डिग्री और न्यूनतम घटकर 17.2 डिग्री दर्ज हुआ।
पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से अब यूपी में मौसम पूरी तरह बदलने लगा है। अगले कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी की दस्तक और तेज हो सकती है।