अजब-गजब मामलाः जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपित को छुड़ाने के लिए कानपुर में मोबाइल टावर पर चढ़ गई पीड़िता
कानपुर पुलिस कार्यालय परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और दुष्कर्म के आरोपित को रिहा करने की मांग करने ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 12 May 2026 05:34:20 PM (IST)Updated Date: Tue, 12 May 2026 05:36:25 PM (IST)
जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपित को छुड़ाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी पीड़िताHighLights
- पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद है
- कानपुर पुलिस कार्यालय में मचा हड़कंप
- किशोरी खुद मामले की पीड़िता बताई जा रही
डिजिटल डेस्क, कानपुर। कानपुर पुलिस कार्यालय परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और दुष्कर्म के आरोपित को रिहा करने की मांग करने लगी। चौंकाने वाली बात यह रही कि टावर पर चढ़ने वाली किशोरी खुद ही मामले की पीड़िता बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी ने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि उसे नीचे उतारने की कोशिश की गई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरातफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद है
पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म का आरोपित राकेश बिहार पिछले वर्ष 11 नवंबर से सचेंडी थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद है। किशोरी उसकी रिहाई की मांग लेकर पुलिस कार्यालय पहुंची थी। आरोप है कि जब उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
करीब 45 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम एसएस कासिम आबिदी और स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ शर्मा मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया। करीब 45 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल पुलिस किशोरी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।