-1794473292808_v_m.webp)
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा सियासी समीकरण उभरकर सामने आया है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (ASP) ने औपचारिक गठबंधन की घोषणा कर दी है। इस नए राजनीतिक तालमेल के साथ ही प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
दोनों दलों ने इस संयुक्त गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' (SPM) नाम दिया है। निर्णय लिया गया है कि यह मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। इस दौरान एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने स्पष्ट कर दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद ही इस गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
गठबंधन की घोषणा करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का गठन उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह मोर्चा राज्य की जनता के सामने एक सशक्त राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगा और दलितों तथा मुस्लिम समाज को सत्ता व राजनीति में बराबर की हिस्सेदारी दिलाने के लिए काम करेगा।
दूसरी ओर, आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने इस गठबंधन को बेहद अहम करार दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि इसे किसी 'तीसरे मोर्चे' के रूप में न देखा जाए, बल्कि यह प्रदेश का पहला सबसे मजबूत मोर्चा है। चंद्रशेखर ने हुंकार भरते हुए कहा कि अब वंचित समाज का किसी भी स्तर पर राजनीतिक अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह गठबंधन सत्ता परिवर्तन की नई इबारत लिखेगा।
यह भी पढ़ें- 'नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जा रहे, शिवपाल को सुबह-शाम दंडवत प्रणाम करें', सपा पर ओपी राजभर का तीखा तंज