डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को अपने खास अंदाज में करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, क्या पुलिस गोली खाने के लिए है? हमने भी तो पुलिस को हथियार दिए हैं। सीएम के इस बयान पर मौजूद फार्मा उद्यमियों ने तालियों के साथ समर्थन जताया।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। जो भी कानून को चुनौती देता है, कानून उसे अपने दायरे में लाकर उसी भाषा में जवाब देता है।
प्रदेश को फार्मा हब बनाने का रोडमैप रखा
मंगलवार को होटल ताज में आयोजित हेल्थ फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीएम योगी ने प्रदेश को फार्मा हब बनाने का रोडमैप रखा। उन्होंने बताया कि आगामी बजट सत्र में लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के फार्मा संस्थान की घोषणा की जाएगी और प्रदेशभर में फार्मा पार्क विकसित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय फार्मा कंपनियों ने यूपी में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर सहमति जताई, जबकि 5525 करोड़ रुपये के 11 एमओयू का आदान-प्रदान किया गया।
तीन चरणों में 2000 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार
सीएम ने कहा कि ललितपुर में 1472 एकड़ में फार्मा पार्क के बाद अब झांसी-बुंदेलखंड क्षेत्र में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक जोन विकसित किया जाएगा, जहां एयर कनेक्टिविटी की सुविधा भी होगी। यूपी सरकार एआई मिशन पर तीन चरणों में 2000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहा है। आईआईटी कानपुर के सहयोग से 1200 करोड़ रुपये का मेडटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किया गया है। एआई, डीप-टेक, मेड-टेक, हेल्थ टेक और क्लीनिकल रिसर्च को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
38 जिले जापानी इंसेफ्लाइटिस से पूरी तरह मुक्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्वी यूपी समेत प्रदेश के 38 जिले जापानी इंसेफ्लाइटिस से पूरी तरह मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 2003 से 2017 के बीच प्रदेश अपहरण, वसूली और संगठित अपराध का गढ़ बन चुका था, लेकिन 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने खुद को अपराधमुक्त प्रदेश के रूप में स्थापित किया है।
इस दौरान प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 20 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हो चुकी है।
बेरोजगारी दर में तेजी से गिरावट आई है
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में तेजी से गिरावट आई है। माफियाओं से 65 हजार एकड़ से अधिक जमीन मुक्त कराकर लैंड बैंक तैयार किया गया है। नए निवेशकों को 1000 दिनों तक निरीक्षण से छूट दी गई है। देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे यूपी में हैं और प्रदेश में 16 एयरपोर्ट सक्रिय हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी अडिग कूटनीति के चलते अमेरिका को भी टैरिफ घटाने पर मजबूर होना पड़ा, जिसका लाभ भारत के डिफेंस कॉरिडोर को मिलेगा। सत्यमेव जयते के उद्घोष के साथ सीएम ने वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
हर साल 50 करोड़ मरीज ओपीडी सेवाएं ले रहे
इससे पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यूपी के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में हर साल 50 करोड़ मरीज ओपीडी सेवाएं ले रहे हैं और फार्मा इंडस्ट्री के लिए प्रदेश में अनुकूल वातावरण मौजूद है।
प्रमुख निवेशकों में अर्ना फार्मा और बायोजेंटा लाइफ साइंसेज ने 1250-1250 करोड़ रुपये, शुक्रा फार्मा ने 737 करोड़, वाल्टर बुशनेल एंटरप्राइज ने 590 करोड़, झानविका लैब ने 553 करोड़, कोरो हेल्थ ने 418 करोड़, मार्क लैबोरेटरीज ने 120 करोड़, रासपा फार्मा ने 107 करोड़, रोमसंस मेड और कोटक हेल्थकेयर ने 100-100 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई।