लखनऊ में महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की जन आक्रोश रैली, CM योगी के साथ हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर भाजपा ने बड़ी जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 21 Apr 2026 02:36:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 21 Apr 2026 02:37:58 PM (IST)
लखनऊ में महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की जन आक्रोश रैली में CM योगी के साथ हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं।HighLights
- यातायात पर पड़ा असर, कई जगह जाम
- सीतापुर से पहुंचीं हजारों महिला कार्यकर्ता
- विधानसभा के सामने हुआ समापन
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। रैली का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया, जिसमें 5 हजार से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया।
तेज धूप के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद सड़कों पर उतरे और पदयात्रा में शामिल हुए। धूप से बचाव के लिए उन्होंने भगवा रंग का गमछा पहना हुआ था। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा नेता पंकज चौधरी तथा सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर भी मौजूद रहे।
यातायात पर पड़ा असर, कई जगह जाम
पदयात्रा के चलते शहर के प्रमुख इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। हजरतगंज की ओर जाने वाले कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया था। लोहिया पथ, कैंट रोड, लालबत्ती चौराहा और परिवर्तन चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में लंबा जाम देखने को मिला। धूप में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं यातायात नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सीतापुर से पहुंचीं हजारों महिला कार्यकर्ता
रैली में शामिल होने के लिए सीतापुर जिले से भी बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचीं। जानकारी के मुताबिक, करीब 5 हजार महिलाओं को 150 बसों और 50 निजी वाहनों के जरिए सुबह तड़के रवाना किया गया। सभी कार्यकर्ता सुबह 4 बजे भाजपा कार्यालय पर एकत्र हुईं, जहां से उन्हें रैली के लिए भेजा गया।
विधानसभा के सामने हुआ समापन
यह पदयात्रा विधानभवन के सामने जाकर समाप्त हुई, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। महिला आरक्षण बिल को लेकर विरोध जताने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में पूरे प्रदेश से महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं।
सुरक्षा और ट्रैफिक के लिए विशेष इंतजाम
रैली को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया था, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। हजरतगंज और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई और पुलिस बल को तैनात किया गया।