लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: राजस्थान से बिहार जा रही बस पलटी, 3 की मौत और कई घायल
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट (मोहान) पर एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 12:47:31 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 12:47:31 PM (IST)
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हुआ है। राजस्थान से बिहार जा रही बस के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई है।HighLights
- तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई
- करीब 60 यात्रियों को लेकर छपरा जा रही थी
- कड़ी मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकाला
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट (मोहान) पर एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। बस राजस्थान के अरवल से करीब 60 यात्रियों को लेकर बिहार के छपरा जा रही थी।
हादसे के तुरंत बाद लगभग 50 से 60 यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम फौरन मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों व अन्य यात्रियों को बाहर निकाला
सरोजनीनगर के अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) सुमित प्रताप सिंह की अगुवाई में टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे बच्चों व अन्य यात्रियों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल 35 घायलों का इलाज ट्रामा सेंटर में और 13 घायलों का लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है। वहीं, प्रशासन हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों की पहचान करने में जुटा हुआ है।
चित्रकूट में भी दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया
वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां दीपदान और दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। झांसी-मीरजापुर नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात लगभग ढाई बजे हुए इस भीषण सड़क हादसे में एक मासूम समेत चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हो गए।