क्या सपा में होने वाली है बड़ी टूट, यूपी सरकार के मंत्री ओपी राजभर का बड़ा दावा, बोले- रामगोपाल यादव ने अमित शाह को सौंपा पत्र
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) को लेकर बड़ा दावा ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 01:56:42 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 01:56:42 PM (IST)
HighLights
- पूरी सपा ही भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार
- सपा सरकार के दौरान कथित घोटाले का जिक्र किया
- बयान को लेकर तरह-तरह की अटकलें
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सपा में बड़ी टूट देखने को मिल सकती है।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में दावा किया कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें एक पत्र सौंपा है। हालांकि, उन्होंने पत्र की सामग्री को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
कथित घोटाले का भी जिक्र किया
राजभर ने अपने बयान में सपा सरकार के दौरान कथित खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में हुए कथित घोटाले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों का मास्टरमाइंड कौन है, यह पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। जैसे-जैसे जांच एजेंसियों का शिकंजा कस रहा है, वैसे-वैसे समाजवादी पार्टी की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
पूरी सपा ही भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठी है
सुभासपा प्रमुख ने आगे कहा कि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे राजनीतिक घटनाक्रम अब पुराने हो चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए दावा किया कि वर्तमान स्थिति ऐसी है कि पूरी समाजवादी पार्टी ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के लिए तैयार बैठी है।
बयान को लेकर तरह-तरह की अटकलें
राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।